
बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे मेधावी खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर आ गया है। देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने लिपिकीय कैडर में स्पोर्ट्स कोटा के तहत कुल 30 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती क्रिकेट, कबड्डी, टेबल टेनिस और फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को लक्षित कर रही है। सबसे खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी- सिर्फ फील्ड ट्रायल, खेल प्रदर्शन मूल्यांकन और साक्षात्कार के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
BOB भर्ती 2026 ऑनलाइन आवेदन
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और 12 मई 2026 तक चलेगी। योग्य उम्मीदवार बीओबी की आधिकारिक वेबसाइट www.bankofbaroda.in पर जाकर ‘कैरियर्स‘ या ‘करंट ऑपर्च्युनिटीज‘ सेक्शन से आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती न केवल खिलाड़ियों को आर्थिक स्थिरता प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें बैंकिंग सेवाओं में योगदान देने का प्लेटफॉर्म भी देगी। वेतनमान क्लर्क स्तर पर शुरूआती रूप से 64,480 रुपये तक हो सकता है, जिसमें डीए, एचआरए और अन्य भत्ते शामिल हैं।
पदों का विस्तृत बंटवारा और स्थान
भर्ती के तहत कुल 30 पद हैं, जिनमें 24 पुरुषों और 6 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। क्रिकेट के लिए दिल्ली और मुंबई में 9 पद (सभी पुरुष), कबड्डी के लिए मुंबई में 11 पद (6 पुरुष, 5 महिला), फुटबॉल के लिए मुंबई में 8 पद (पुरुष) और टेबल टेनिस के लिए मुंबई व चेन्नई में 2 पद (1 पुरुष, 1 महिला) उपलब्ध हैं। ये पद कस्टमर सर्विस एसोसिएट (क्लेरिकल कैडर) के रूप में होंगे, जहां खिलाड़ी ग्राहक सेवा, लेन-देन प्रबंधन और बैंकिंग ऑपरेशंस में योगदान देंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता के रूप में किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या एआईसीटीई-अनुमोदित संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन डिग्री अनिवार्य है। खेल योग्यता सबसे महत्वपूर्ण है- उम्मीदवार ने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य या देश का प्रतिनिधित्व किया हो, जूनियर नेशनल, खेलो इंडिया गेम्स, एसजीएफआई, इंटर-यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप या स्कूल/कॉलेज स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो। पदक विजेता या टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलेगी।
आयु सीमा 1 अप्रैल 2026 के आधार पर न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष है, जिसमें एससी/एसटी/ओबीसी और मेधावी खिलाड़ियों को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
आवेदन शुल्क केवल ऑनलाइन जमा करना होगा, जो वापस नहीं होगा। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए 850 रुपये तथा एससी/एसटी, महिलाओं, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 175 रुपये निर्धारित हैं। आवेदन के लिए सबसे पहले बीओबी की वेबसाइट पर जाएं, ‘कैरियर्स’ सेक्शन में स्पोर्ट्स कोटा भर्ती 2026 का लिंक खोजें। ‘अप्लाई ऑनलाइन’ पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करें- नाम, मोबाइल, ईमेल भरें।
लॉगिन के बाद फॉर्म भरें, फोटो, सिग्नेचर, ग्रेजुएशन डिग्री, खेल प्रमाणपत्र (जैसे राज्यस्तरीय/राष्ट्रीय प्रमाणपत्र) अपलोड करें। शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें और प्रिंटआउट ले लें। किसी भी त्रुटि से बचने के लिए अंतिम तिथि से 2-3 दिन पहले आवेदन पूरा करें।
चयन प्रक्रिया और महत्व
चयन खेल उपलब्धियों के दस्तावेज सत्यापन, फील्ड ट्रायल (खेल-विशेष प्रदर्शन) और साक्षात्कार पर आधारित होगा। बैंक प्रबंधन उम्मीदवारों के खेल कौशल के साथ बैंकिंग भूमिका निभाने की क्षमता का मूल्यांकन करेगा। यह भर्ती सरकारी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे राज्यों के युवा खिलाड़ियों के लिए जो दिल्ली-मुंबई में पोस्टिंग पा सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी भर्तियां खेलों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ बैंकिंग में विविधता लाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन पीडीएफ डाउनलोड कर सभी शर्तें ध्यान से पढ़ें।








