
आधार और पैन कार्ड आज केवल पहचान पत्र नहीं रहे, बल्कि हर वित्तीय और सरकारी काम की रीढ़ बन चुके हैं। बैंक खाता खुलवाने, लोन लेने, क्रेडिट कार्ड, म्यूचुअल फंड निवेश, इनकम टैक्स रिटर्न और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तक – हर जगह इन दोनों दस्तावेजों का सही और अपडेटेड होना अनिवार्य हो चुका है। ऐसे में अगर आप नए घर में शिफ्ट हो चुके हैं, लेकिन आपके आधार और पैन पर अभी भी पुराना पता दर्ज है, तो यह लापरवाही आगे चलकर बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।
पुराने पते से बढ़ती जोखिम और दिक्कतें
पुराने पते की सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि बैंक KYC, इनकम टैक्स विभाग, वित्तीय संस्थान और कई सरकारी विभाग आपके रजिस्टर्ड एड्रेस पर ही नोटिस, OTP-बेस्ड वेरिफिकेशन, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या अन्य जरूरी डाक भेजते हैं। अगर यह सब पुराने पते पर जाता रहा, तो न सिर्फ जरूरी जानकारी आप तक समय पर नहीं पहुंचेगी, बल्कि कहीं आपके नाम पर हुए किसी फ्रॉड या नोटिस की खबर भी देर से मिलेगी। कई मामलों में PAN-Aadhaar लिंकिंग, ITR फाइलिंग या KYC वेरिफिकेशन सिर्फ इसलिए अटक जाती है क्योंकि रिकॉर्ड में दर्ज पता और उपलब्ध दस्तावेज अलग-अलग होते हैं।
घर बैठे आधार में पता बदलने की Online प्रक्रिया
अच्छी बात यह है कि अब आधार और पैन कार्ड में एड्रेस अपडेट करने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। आप अपने मोबाइल फोन या लैपटॉप से कुछ ही मिनटों में यह काम घर बैठे पूरा कर सकते हैं। UIDAI ने mAadhaar ऐप और myAadhaar पोर्टल के जरिए आधार एड्रेस अपडेट प्रक्रिया को काफी आसान बनाया है, वहीं पैन कार्ड के लिए NSDL (अब Protean) और UTIITSL पोर्टल पर ऑनलाइन करेक्शन फॉर्म उपलब्ध है।
सबसे पहले बात आधार की। अपने स्मार्टफोन पर mAadhaar ऐप खोलें और आधार नंबर व OTP की मदद से लॉगिन करें। मेनू में जाकर “Update Address Online” ऑप्शन चुनें। अब वह नया पता दर्ज करें, जहां आप फिलहाल रह रहे हैं। यह सुनिश्चित करें कि जो एड्रेस आप लिख रहे हैं, वही आपके एड्रेस प्रूफ डॉक्यूमेंट- जैसे बिजली बिल, रेंट एग्रीमेंट, बैंक पासबुक, पानी या गैस बिल – पर भी दर्ज हो। इसके बाद उस एड्रेस प्रूफ की साफ स्कैन कॉपी या फोटो अपलोड करें, निर्धारित सेवा शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें और विवरण ध्यान से जांचकर रिक्वेस्ट सबमिट कर दें। सबमिट करते ही आपको एक Update Request Number (URN) मिलेगा, जिसकी मदद से आप बाद में आधार अपडेट की स्थिति को ट्रैक कर सकते हैं।
PAN कार्ड में पता अपडेट
अब बात पैन कार्ड की। पैन में पता अपडेट करने के लिए आप NSDL या UTIITSL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर “Changes/Correction in PAN Data” या “Changes/Correction in PAN” वाला विकल्प चुनें। यहां आपको अपना पैन नंबर, नाम, जन्म तिथि और ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी। जानकारी सबमिट करते ही एक 15 अंकों का टोकन नंबर जनरेट होगा, जिसे भविष्य के लिए नोट कर लेना जरूरी है, क्योंकि आगे की पूरी प्रक्रिया इसी टोकन के जरिए खुलती है।
इसके बाद ऑनलाइन फॉर्म में “Address for Communication” सेक्शन में जाएं और अपना नया पता सावधानी से भरें। ध्यान रखें, यहां जो एड्रेस लिख रहे हैं, उसी का वैध एड्रेस प्रूफ भी अपलोड करना होगा। आमतौर पर एड्रेस प्रूफ, फोटो और पहचान पत्र (जैसे आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट आदि) की कॉपी मांगी जाती है। डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद निर्धारित फीस ऑनलाइन जमा करें। प्रक्रिया पूरी होने पर एक Acknowledgement Slip (पावती पर्ची) डाउनलोड करें, जिसमें आपकी रिक्वेस्ट और टोकन से जुड़ी डिटेल होती है।
किस क्रम में करें अपडेट, ताकि न हो मिसमैच
विशेषज्ञों की सलाह है कि एड्रेस अपडेट का सही क्रम अपनाया जाए- पहले आधार में नया पता अपडेट करें, फिर उसी एड्रेस प्रूफ के आधार पर पैन में बदलाव करें और अंत में बैंक, डिमैट, म्यूचुअल फंड और इनकम टैक्स पोर्टल पर प्रोफाइल अपडेट करें। इससे हर जगह एक जैसा एड्रेस रहता है और KYC या दस्तावेज़ वेरिफिकेशन में मिसमैच की संभावना काफी कम हो जाती है।
संक्षेप में, अगर आपने घर बदला है तो सिर्फ सामान और परिवार ही नहीं, आपकी कागजी पहचान भी नए पते पर “शिफ्ट” होनी चाहिए। कुछ मिनट का यह ऑनलाइन काम आपको आगे चलकर घंटों की भागदौड़ और संभावित आर्थिक जोखिम से बचा सकता है।









