
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB), लखनऊ ने नई कांस्टेबल और जेल वार्डर भर्ती का ऐलान कर दिया है। भर्ती बोर्ड के अनुसार, दिसंबर महीने में विभिन्न खाली पदों, जैसे आरक्षी नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल, जेल वार्डर आदि के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। इस भर्ती में करीब 25,000 पदों पर भर्तियाँ निकलेंगी, जिसमें लगभग 19,000 कांस्टेबल और 2,800 जेल वार्डर के पद शामिल होंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अधिक जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in देखते रहें।
उत्तर प्रदेश पुलिस में जल्द निकलेगी 22,000 से अधिक पदों पर भर्ती
उत्तर प्रदेश भर्ती बोर्ड ने अप्रैल में 19,220 सिपाहियों की भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन इसकी प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। इसके अलावा, बंदी रक्षक (जेल वार्डर) के करीब 2,800 रिक्त पदों पर भी भर्ती की अनुमति मिल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस में कुल 30,000 नई भर्तियों की घोषणा की थी, जिसमें से सब इंस्पेक्टर के 4,543 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन पहले ही लिए जा चुके हैं। अब उम्मीदवारों को कांस्टेबल (सिपाही) और जेल वार्डर भर्ती शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है।
अतिरिक्त पदों पर होगी भर्ती
भर्ती बोर्ड अब करीब तीन हज़ार अतिरिक्त पदों को जोड़कर भर्ती की तैयारी कर रहा है। यह अतिरिक्त पद पिछले आठ महीनों के दौरान सेवानिवृत्त (रिटायर) हुए कर्मचारियों की संख्या के बराबर हैं। इन बढ़े हुए रिक्त पदों की कुल संख्या की पूरी जानकारी बोर्ड जल्द ही अपनी आधिकारिक विज्ञप्ति (नोटिफिकेशन) में जारी करेगा।
यूपी पुलिस भर्ती के लिए OTR हुआ ज़रूरी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ (UPPRPB) ने भी अब अपनी सभी भर्तियों में ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) सिस्टम लागू कर दिया है। यह नियम UPPSC और UPSSSC की तरह ही लागू किया गया है। इसलिए, जो भी उम्मीदवार आने वाली यूपी पुलिस कांस्टेबल, एसआई (सब-इंस्पेक्टर) और अन्य भर्तियों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले apply.upprpb.in पर जाकर यह ओटीआर फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।









