
मार्च 2026 में ही तापमान 40 डिग्री पार कर गया है, और गर्मियों का असली रौद्र रूप तो अभी बाकी है। कार के अंदर का केबिन भट्टी बन जाता है, जहां एयर कंडीशनर (एसी) फुल स्पीड पर चलने के बावजूद कमरे जैसी ठंडक नहीं दे पाता। लाखों कार मालिकों की यही शिकायत है – एसी खराब तो नहीं, लेकिन सफर के दौरान सांस फूलना, चक्कर आना जैसी दिक्कतें आम हो गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह एसी की तकनीकी खराबी से ज्यादा मेंटेनेंस की कमी है। सही रखरखाव से पुरानी कार का एसी भी शिमला जैसी कूलिंग दे सकता है।
गर्मी में कार एसी पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। धूल-मिट्टी, कीड़े और लीकेज से इसकी क्षमता घट जाती है। गोरखपुर के 20 साल के एसी मैकेनिक एजाज जैसे विशेषज्ञ बताते हैं कि गर्मी से पहले सर्विसिंग न कराने से छोटी समस्या बड़ी मरम्मत बन जाती है। इससे न सिर्फ फ्यूल बर्बाद होता है, बल्कि परिवार के साथ सफर जोखिम भरा हो जाता है। सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, ओवरहीटिंग से एक्सीडेंट का खतरा 20% बढ़ जाता है। सही स्टेप्स फॉलो कर आपकी कार का केबिन ठंडा रहेगा, हवा शुद्ध होगी और माइलेज भी सुधरेगा।
1. एसी गैस और फिल्टर की जांच करवाएं
सबसे पहला कदम है रेफ्रिजरेंट गैस चेकअप। समय के साथ गैस लीक होकर 20-30% कम हो जाती है, जिससे कूलिंग प्रभावित होती है। कैबिन एयर फिल्टर को साफ या बदलें – धूल जमा होने से एयरफ्लो रुक जाता है। साफ फिल्टर से ठंडी हवा तेजी से फैलती है और केबिन की हवा शुद्ध रहती है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं, हर 10,000 किमी पर फिल्टर चेंज कराएं।
2. कंडेंसर को चमकाएं
इंजन के आगे लगा कंडेंसर धूल-कीड़ों से ब्लॉक हो जाता है, जो हीट एक्सचेंज रोकता है। हल्के प्रेशर वॉटर से सफाई करवाएं- इससे एसी की दक्षता 25% बढ़ जाती है। साफ कंडेंसर पर कंप्रेसर कम स्ट्रेस लेता है, फ्यूल बचता है। गर्मी से पहले यह चेक जरूरी, वरना एसी बंद हो सकता है।
3. कूलेंट लेवल और लीकेज की स्कैनिंग
इंजन को ठंडक न मिले तो एसी पर असर पड़ता है। रेडिएटर कूलेंट लेवल चेक करें, पाइप्स-होज की लीकेज जांचें। कम कूलेंट से ओवरहीटिंग होती है, जो एसी कोजलाती है। सही लेवल से इंजन कुशल रहता है।
4. विंडो शेड्स से धूप रोके
भारत में डार्क टिंट बैन है, इसलिए क्वालिटी सन शेड्स लगाएं। ये सीधी किरणें रोकते हैं, केबिन 10-15 डिग्री ठंडा रखते हैं। एसी को कम मेहनत, लंबी ठंडक। छाया में पार्किंग भी अपनाएं।
5. टायर प्रेशर सही रखें
गर्म सड़कें टायरों की हवा फुलाती हैं। सही प्रेशर (30-35 PSI) से रोलिंग रेसिस्टेंस कम, इंजन लोड घटता है – अप्रत्यक्ष रूप से एसी बेहतर। फटने का खतरा भी टलता है।
डोर फैनिंग ट्रिक भी आजमाएं
कार में बैठने से पहले खिड़कियां खोलें, एसी फुल पर। ड्राइवर डोर 5-6 बार खोलें-बंद करें- गर्म हवा बाहर। रिसर्कुलेशन मोड ऑन रखें।









