
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने छात्रों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि राज्य परिवहन निगम इस साल स्कूल-कॉलेज की शैक्षणिक यात्राओं के लिए बड़ी संख्या में नई बसें उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही, इन यात्राओं पर जाने वाले छात्रों को किराये में 50 फीसदी की छूट भी मिलेगी। मंत्री ने कहा कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के लिए यात्रा को किफायती और सुरक्षित बनाना है।
MSRTC की छात्रों को सौगात
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया है कि छात्रों की शैक्षणिक यात्रा को सस्ता और सुरक्षित बनाने के लिए MSRTC (महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम) इस साल स्कूल-कॉलेजों को बड़ी संख्या में नई बसें उपलब्ध कराएगा। लगभग 251 डिपो से रोज़ाना 800 से 1000 बसें दी जाएंगी। इसके अलावा, राज्य सरकार दीपावली की छुट्टियों के बाद होने वाले स्कूली यात्राओं के किराये में 50 प्रतिशत की छूट भी देगी।
शैक्षणिक यात्राओं से 92 करोड़ का राजस्व
परिवहन मंत्री के अनुसार, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने नवंबर 2024 से फरवरी तक शैक्षणिक यात्राओं के लिए 19,624 बसें उपलब्ध कराईं, जिससे सरकार को 92 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस सफलता को देखते हुए, मंत्री प्रताप सरनाईक ने अब 2025-26 के लिए डिपो प्रबंधकों और स्टेशन प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे स्कूल-कॉलेज के प्रधानाचार्यों से मिलें। उन्हें राज्य के मुख्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की यात्राएं आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।









