Rule Change: आधार, LPG से UPI तक… कल से बदल जाएंगे ये 8 बड़े नियम, नफा नुकसान देख लो

1 जून से PF, LPG, UPI और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में बड़े नियम बदलाव हो रहे हैं। EPFO 3.0, आधार अपडेट की फ्री सुविधा की समाप्ति, नए UPI नियम और LPG कीमतों में संशोधन जैसे बदलाव आपकी जेब पर सीधा असर डाल सकते हैं। अपडेटेड रहना और अपने फाइनेंशियल प्लान को इन बदलावों के अनुसार ढालना अब बेहद जरूरी हो गया है।

By GyanOK

Rule Change: आधार, LPG से UPI तक… कल से बदल जाएंगे ये 8 बड़े नियम, नफा नुकसान देख लो
Rule Change

1 जून 2025 से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव हो रहा है, जिनका सीधा असर आपकी आमदनी, खर्च और सेविंग्स पर पड़ सकता है। यूपीआई (UPI), पीएफ (PF), एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder), फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), आधार कार्ड (Aadhaar), और म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) जैसे क्षेत्रों में बदलाव हो रहे हैं। इन बदलावों को जानना और समय पर तैयारी करना आपके लिए बहुत जरूरी है।

ईपीएफओ 3.0: अब PF से पैसे निकालना होगा और आसान

सरकार ने ईपीएफओ 3.0 (EPFO 3.0) नाम से एक नया सिस्टम शुरू करने का फैसला लिया है। यह सिस्टम जून महीने में लॉन्च किया जाएगा। इसके जरिए अब आप अपने PF अकाउंट से पैसे ATM और UPI के जरिए भी निकाल सकेंगे। इसका फायदा देश के 9 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों को मिलेगा। यह सुविधा PF का पैसा निकालने की प्रक्रिया को बहुत आसान और तेज बना देगी।

आधार कार्ड फ्री अपडेट की सुविधा बंद

UIDAI की तरफ से आधार कार्ड में मुफ्त अपडेट करने की जो सुविधा दी गई थी, वह 14 जून 2025 के बाद बंद हो जाएगी। यानी अगर आपने उस तारीख तक अपने आधार कार्ड में कोई जरूरी बदलाव नहीं किया, तो उसके बाद हर बार अपडेट करने पर आपको ₹50 का चार्ज देना होगा। इसलिए अगर आपके आधार में कुछ सुधार बाकी हैं तो जल्दी कर लें।

Kotak Mahindra Bank के क्रेडिट कार्ड नियम सख्त

अगर आप Kotak Mahindra Bank का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो ध्यान दें। अब अगर आपका Auto Debit फेल होता है यानी आपके खाते में पैसे नहीं होते और भुगतान नहीं हो पाता, तो आपको 2% का बाउंस चार्ज देना होगा। यह चार्ज ₹450 से ₹5000 तक हो सकता है। इसके अलावा, हर महीने के फाइनेंस चार्ज को भी 3.50% से बढ़ाकर 3.75% (सालाना 45%) किया जा सकता है। इससे आपकी क्रेडिट कार्ड की लागत बढ़ सकती है।

CNG, PNG और ATF के दामों में बदलाव

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां CNG (Compressed Natural Gas), PNG (Piped Natural Gas) और ATF (Air Turbine Fuel) की कीमतों की समीक्षा करती हैं। मई में इनकी कीमतों में कटौती की गई थी, और अब जून में भी इसमें बदलाव आ सकता है। अगर दाम बढ़ते हैं, तो यात्रा, खाना पकाने और अन्य खर्चों पर असर पड़ सकता है।

LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव

हर महीने की शुरुआत में LPG सिलेंडर की कीमतें बदली जाती हैं। मई में 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर में ₹17 की कमी आई थी। अब जून में भी घरेलू या व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत में बदलाव संभव है। यह आम आदमी की रसोई के खर्च को प्रभावित कर सकता है।

FD ब्याज दरों में बदलाव

कुछ बैंकों ने Fixed Deposit (FD) की ब्याज दरों में बदलाव किया है। जैसे कि Suryoday Small Finance Bank ने 5 साल की एफडी की ब्याज दर 8.6% से घटाकर 8% कर दी है। अगर RBI रेपो रेट (Repo Rate) को और घटाता है, तो बाकी बैंक भी ब्याज दरें कम कर सकते हैं। इसका असर आपकी सेविंग्स पर पड़ेगा, खासकर अगर आप लंबे समय के लिए निवेश कर रहे हैं।

म्यूचुअल फंड में नया कट-ऑफ टाइम

SEBI ने म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए नया नियम लागू किया है। 1 जून से Overnight Mutual Fund स्कीम्स में निवेश के लिए अब ऑफलाइन आवेदन का आखिरी समय 3 बजे और ऑनलाइन का समय 7 बजे तय किया गया है। इससे बाद में किया गया निवेश अगले कार्य दिवस पर माना जाएगा। इसका उद्देश्य निवेश की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और टाइम-बाउंड बनाना है।

UPI ट्रांजैक्शन में अब असली रिसीवर का नाम दिखेगा

NPCI ने नया नियम लाया है जिसके तहत अब जब भी आप UPI पेमेंट करेंगे, तो आपको सिर्फ Ultimate Beneficiary यानी असली रिसीवर का बैंक अकाउंट नाम ही दिखेगा। अब QR कोड में छिपे या बदले गए नाम दिखाई नहीं देंगे। यह बदलाव 30 जून 2025 तक सभी UPI ऐप्स में लागू हो जाएगा। इससे फ्रॉड से बचाव में मदद मिलेगी और पेमेंट ट्रांसपेरेंसी बढ़ेगी।

Author
GyanOK

हमारे Whatsaap ग्रुप से जुड़ें