Tags

ICC vs Pakistan: पाकिस्तान को ICC की दोटूक! “भारत के खिलाफ मैच छोड़ा तो लगेगा भारी जुर्माना”; PSL और वैश्विक टूर्नामेंट्स पर गिर सकती है गाज

क्रिकेट जगत में महासंग्राम! भारत के खिलाफ मैच छोड़ने की जिद पाकिस्तान पर ही भारी पड़ने वाली है। ICC ने सख्त लहजे में भारी जुर्माने और PSL पर प्रतिबंध तक की चेतावनी दे दी है। क्या पाकिस्तान अपनी जिद छोड़ेगा या भुगतेगा बड़ा नुकसान? पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

By Pinki Negi

ICC vs Pakistan: पाकिस्तान को ICC की दोटूक! "भारत के खिलाफ मैच छोड़ा तो लगेगा भारी जुर्माना"; PSL और वैश्विक टूर्नामेंट्स पर गिर सकती है गाज
ICC vs Pakistan

भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट जगत में तनाव बढ़ गया है। 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले का बहिष्कार करने की धमकी पर आईसीसी (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को कड़ा रुख दिखाया है। आईसीसी ने साफ चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के इस फैसले के गंभीर परिणाम’ हो सकते हैं। काउंसिल ने पीसीबी को सलाह दी है कि वह विवाद का ऐसा समाधान निकाले जिससे खेल और सभी पक्षों का भला हो। आईसीसी की इस सख्ती के बाद अब 15 फरवरी के मैच पर सस्पेंस और गहरा गया है।

बांग्लादेश से शुरू हुए विवाद ने बिगाड़ा खेल

भारत-पाकिस्तान क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक चौंकाने वाली खबर है। रविवार को पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एलान किया कि 15 फरवरी को उनकी टीम भारत के खिलाफ मैच में नहीं उतरेगी। हैरानी की बात यह है कि सरकार ने इस बड़े फैसले के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। इस पूरे विवाद की जड़ वह घटना है जब बांग्लादेश ने भारतीय जमीन पर खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी (ICC) ने कड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। अब पाकिस्तान के इस रुख ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांच पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं।

चैंपियंस ट्रॉफी का बदला? पाकिस्तान ने बांग्लादेश का साथ देकर भारत के खिलाफ खोला मोर्चा

पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को सही ठहराते हुए अब बांग्लादेश का खुला समर्थन किया है। पाकिस्तान का तर्क है कि यदि कोई देश सुरक्षा कारणों से कहीं खेलने से मना करता है, तो उसे इसका पूरा अधिकार होना चाहिए। दरअसल, पाकिस्तान का यह रुख पिछले साल हुई चैंपियंस ट्रॉफी के विवाद से जुड़ा है।

उस समय भारतीय टीम ने सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद भारत के सभी मैच दुबई (हाइब्रिड मॉडल) में कराने पड़े थे। अब पाकिस्तान उसी घटना का हवाला देकर बांग्लादेश के भारत न जाने के फैसले को जायज ठहरा रहा है और बदले की कार्रवाई के रूप में वर्ल्ड कप मैच छोड़ने की धमकी दे रहा है।

बिना बताए मैच छोड़ने की तैयारी में पाकिस्तान

पाकिस्तान सरकार द्वारा भारत के खिलाफ मैच न खेलने के बयान के कुछ ही घंटों बाद आईसीसी (ICC) ने एक विस्तृत प्रतिक्रिया जारी की है। आईसीसी का कहना है कि उन्हें अभी तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

काउंसिल ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि पाकिस्तान का अपनी टीम को टूर्नामेंट में ‘चुनिंदा’ (Selective) मैचों के लिए भेजने का फैसला वैश्विक क्रिकेट ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान सरकार के इस सार्वजनिक बयान का उन्होंने संज्ञान ले लिया है और अब वे पीसीबी के औपचारिक जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

ICC ने सेलेक्टिव भागीदारी पर उठाए सवाल

आईसीसी (ICC) ने पाकिस्तान के ‘चुनिंदा मैचों’ में खेलने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। काउंसिल का कहना है कि उन्हें अब तक पीसीबी से कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है, लेकिन ‘सेलेक्टिव पार्टिसिपेशन’ का यह विचार किसी भी वैश्विक खेल आयोजन की मूल भावना के खिलाफ है।

आईसीसी के अनुसार, वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट खेल की ईमानदारी, निष्पक्षता और बराबरी के सिद्धांतों पर टिके होते हैं। ऐसे में किसी टीम का अपनी मर्जी से कुछ मैच खेलना और कुछ छोड़ना, न केवल प्रतिस्पर्धा को कमजोर करता है बल्कि पूरे टूर्नामेंट की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े करता है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि क्वालीफाई करने वाली हर टीम से तय शेड्यूल का पालन करने की उम्मीद की जाती है।

“फैसला बदला नहीं तो भुगतने होंगे गंभीर नतीजे”—ICC ने पाकिस्तान को सुनाई खरी-खरी

आईसीसी (ICC) ने अपने कड़े बयान में पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए कहा है कि सरकार की नीतियों का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन मैच का बहिष्कार करना दुनिया भर के क्रिकेट फैंस और खुद पाकिस्तान के करोड़ों प्रशंसकों के साथ अन्याय है।

आईसीसी ने सीधी चेतावनी दी है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इस फैसले के खतरनाक असर को समझ ले, क्योंकि पीसीबी खुद उसी वैश्विक क्रिकेट ढांचे का हिस्सा है जिसे वह अब नुकसान पहुंचा रहा है। बयान के अंत में आईसीसी ने उम्मीद जताई है कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े आयोजन को सफल बनाना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है और पीसीबी को जिद छोड़कर आपसी सहमति से कोई रास्ता निकालना चाहिए, वरना इसका असर आने वाले कई सालों तक पाकिस्तानी क्रिकेट पर दिख सकता है।

Author
Pinki Negi
GyanOK में पिंकी नेगी बतौर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता में उन्हें 7 वर्षों से भी ज़्यादा का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2018 में NVSHQ से की थी, जहाँ उन्होंने शुरुआत में एजुकेशन डेस्क संभाला। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में नए-नए अनुभव लेने के बाद अमर उजाला में अपनी सेवाएं दी। बाद में, वे नेशनल ब्यूरो से जुड़ गईं और संसद से लेकर राजनीति और डिफेंस जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग की। पिंकी नेगी ने साल 2024 में GyanOK जॉइन किया और तब से GyanOK टीम का हिस्सा हैं।

अभी-अभी मोदी का ऐलान

हमारे Whatsaap ग्रुप से जुड़ें