
मुंबई में सीएनजी सप्लाई रुकने से कई पेट्रोल पंपों पर भारी अफरा-तफरी मच गई है, जिसका सीधा असर लोगों की यात्रा पर पड़ा है। वडाला जैसे इलाकों में यह परेशानी सबसे ज्यादा है। GAIL के डायरेक्टर के अनुसार, गैस सप्लाई को बहाल करने में 24 से 30 घंटे तक लग सकते हैं। इसका मतलब है कि आम लोगों, टैक्सी-ऑटो चालकों और यात्रियों को अभी एक-दो दिन और परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
वडाला में पाइपलाइन टूटने से मुंबई में CNG सप्लाई ठप
रविवार को मुंबई में CNG सप्लाई अचानक बंद हो गई, जिससे शहर का ऑटो, टैक्सी और बस सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने बताया कि वडाला स्थित RCF परिसर के अंदर गेल (GAIL) की मुख्य गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है। इसी वजह से वडाला सिटी गेट स्टेशन (जो एक बड़ा सप्लाई सेंटर है) से सप्लाई रुक गई, जिसका सीधा असर मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के CNG पंपों पर पड़ा।
#WATCH | Long queues pile up outside CNG pumps as pipeline damage cripples Mumbai’s CNG supply#CNG #CNGCrisis #Mumbai #MGL #GasSupply pic.twitter.com/4nrNcYHPiE
— ET NOW (@ETNOWlive) November 17, 2025
परिवहन सेवाएँ ठप
सीएनजी सप्लाई रुकने से लाखों ऑटोरिक्शा, टैक्सी और ओला-ऊबर जैसी कैब सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मुंबई की सार्वजनिक बस सेवा (BEST) की कुछ गाड़ियों के संचालन में भी अब दिक्कतें आ सकती हैं। कई इलाकों में ऑटो और टैक्सी वाले पंपों पर लंबी लाइन लगाकर इंतजार करते दिखे, वहीं नवी मुंबई के कई स्टेशनों पर ‘CNG बंद है’ के बोर्ड लगा दिए गए हैं।
घरेलू ग्राहकों को राहत, CNG सप्लाई में लगेगा और 30 घंटा
MGL ने कहा है कि वह घरेलू उपभोक्ताओं (PNG) को प्राथमिकता दे रहा है, इसलिए उनकी सप्लाई बाधित नहीं होगी। हालांकि, कंपनी ने औद्योगिक और व्यावसायिक ग्राहकों को वैकल्पिक ईंधन इस्तेमाल करने की सलाह दी है। GAIL अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत तेजी से चल रही है, लेकिन पूरी सप्लाई को बहाल होने में लगभग 24 से 30 घंटे लग सकते हैं। इस दौरान मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के लोगों को ऑटो-टैक्सी जैसे CNG वाहनों की सीमित उपलब्धता के कारण परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
CNG किल्लत से बेहाल मुंबई
रविवार दोपहर से CNG सप्लाई में आई खराबी और चेंबूर में PNG पाइपलाइन लीक होने के कारण मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में हालात बिगड़ गए हैं। इस कमी का सीधा असर दिख रहा है, जहाँ CNG पंपों के बाहर प्राइवेट कैब और ऑटो की लंबी कतारें लगी हैं। BKC के एक पंप पर तो लगभग 2 किलोमीटर तक लाइन दिखाई दी। ड्राइवर परेशान हैं, क्योंकि उन्हें 3-4 घंटे लाइन में खड़े रहने के बावजूद गैस नहीं मिल रही है, जिससे उनकी पूरे दिन की कमाई प्रभावित हो रही है।









