
पश्चिम एशिया में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक बाजार में उठा-पटक का सिलसिला जारी है। शेयर बाजार और बुलियन मार्केट में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को गिरावट के बाद पिछले दो दिनों से दोनों बाजारों में तेजी दर्ज की गई है। ऐसे में 26 मार्च को राम नवमी के अवसर पर मिली एक दिन की छुट्टी ने निवेशकों और कारोबारियों को राहत दी है।
शेयर बाजार में आज नहीं होगी ट्रेडिंग
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में आज पूरे दिन कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और सिक्योरिटीज लेंडिंग समेत सभी सेगमेंट में किसी तरह की ट्रेडिंग नहीं होगी। यह छुट्टी राम नवमी के कारण है, जो देश के कई राज्यों में मनाई जा रही है।
कमोडिटी बाजार की स्थिति थोड़ी अलग है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह का सेशन (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) पूरी तरह बंद रहेगा, लेकिन शाम का सेशन (शाम 5 बजे से रात 11:30 बजे तक) खुला रहेगा। वहीं, नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) सुबह और शाम दोनों सेशन के लिए पूरी तरह बंद है। 27 मार्च से दोनों एक्सचेंज पर सामान्य ट्रेडिंग फिर से शुरू हो जाएगी।
आगामी हफ्तों में और छुट्टियां
निवेशकों के लिए अगले कुछ दिनों में ट्रेडिंग के दिन और कम होने वाले हैं। वीकेंड और त्योहारों की लगातार छुट्टियों के कारण बाजार बार-बार बंद रहेगा। 26 मार्च को राम नवमी के बाद 31 मार्च को महावीर जयंती पर भी शेयर बाजार बंद रहेगा। इसके बाद 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के अवसर पर फिर से छुट्टी होगी।
अप्रैल के महीने में 14 तारीख को डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के कारण भी बाजार बंद रहेगा। मई में भी NSE और BSE पर दो दिन का ट्रेडिंग हॉलिडे है। गौरतलब है कि बुधवार को भारतीय शेयर बाजार ने ग्लोबल मार्केट में तेजी और अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद के बीच मजबूत बढ़त दर्ज की थी।
इन शहरों में आज बैंक बंद
राम नवमी के मौके पर 26 मार्च को देश के अलग-अलग शहरों में बैंकों की छुट्टी है। RBI के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, बैंक की छुट्टियां राज्य और स्थानीय स्तर पर अलग-अलग होती हैं। आज अहमदाबाद, आइजोल, चंडीगढ़, देहरादून, जयपुर, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर और शिमला में बैंकों का अवकाश है।
हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए NEFT, IMPS और RTGS से 24 घंटे पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं। इसके अलावा UPI से भी पैसा भेजा और प्राप्त किया जा सकता है।
6 दिन में सिर्फ 1 दिन खुलेंगे बैंक
मार्च के आखिरी हफ्ते में बैंकिंग सेवाएं लंबी छुट्टियों के कारण बुरी तरह प्रभावित रहेंगी। दरअसल, 26 और 27 मार्च को राम नवमी के चलते कई राज्यों में बैंक का अवकाश है। इसके बाद 28 मार्च को महीने का चौथा शनिवार और 29 मार्च को रविवार की छुट्टी के कारण बैंक बंद रहेंगे। 30 मार्च को बैंक खुलेंगे, लेकिन इसके अगले ही दिन 31 मार्च को महावीर जयंती पर फिर से बैंक बंद रहेंगे। यानी 26 से लेकर 31 मार्च तक कुल 6 दिनों में बैंक सिर्फ एक दिन (30 मार्च) ही खुलेंगे। ऐसे में ग्राहकों को अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले निपटाने की सलाह दी जा रही है।
चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट, नकद निकासी और लोन की किस्त जैसी सेवाएं बैंक खुलने के दिन ही उपलब्ध होंगी। इसलिए ग्राहक 30 मार्च का इंतजार करें या ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करें।









