
देश में रोजाना लाखों वाहन टोल प्लाजाओं से गुजरते हैं। एक्सप्रेसवे और हाईवे पर सफर अब पहले से ज्यादा तेज और सुविधाजनक हो गया है, लेकिन इसके साथ ही नियमों की सख्ती भी काफी बढ़ गई है। अब अगर आपकी गाड़ी के दस्तावेज अधूरे हैं या अपडेट नहीं हैं, तो टोल प्लाजा पर ही चालान कट सकता है। ई-डिटेक्शन सिस्टम के जरिए वाहन की जानकारी तुरंत चेक की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर सीधे ई-चालान भेजा जाएगा । यानी अब बिना वैलिड बीमा, पॉल्यूशन या फिटनेस सर्टिफिकेट के सफर करना महंगा पड़ सकता है। इसलिए सफर पर निकलने से पहले अपनी गाड़ी के कागजात जरूर चेक कर लें।
एक्सप्रेसवे पर शुरू हो रही ई-डिटेक्शन प्रणाली
उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के प्रमुख एक्सप्रेसवे पर ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू किया जा रहा है। टोल प्लाजा पर हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जो गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन करेंगे । इसके बाद वाहन की जानकारी केंद्रीय डेटाबेस से मैच की जाएगी। बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), फिटनेस और परमिट की वैधता तुरंत चेक होगी ।
अगर किसी दस्तावेज की वैलिडिटी खत्म मिली या रिकॉर्ड अधूरा पाया गया, तो सिस्टम अपने आप ई-चालान जनरेट कर देगा। यह प्रोसेस पूरी तरह ऑटोमेटेड होगी और इसमें मैनुअली कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी । शुरुआत बड़े रूट से की जा रही है, जिसके बाद दूसरे हाईवे तक बढ़ाया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि अब मौके पर रोककर पूछताछ जरूरी नहीं होगी; चालान सीधे वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाएगा । यानी आप टोल पार कर भी गए तो भी नियम तोड़ने पर बच नहीं पाएंगे।
किन गाड़ियों का कटेगा चालान?
यह व्यवस्था किसी विशेष गाड़ी के मॉडल या ब्रांड को टारगेट नहीं करती, बल्कि यह दस्तावेजों की वैधता पर आधारित है। यदि आपके वाहन से जुड़े निम्नलिखित दस्तावेज वैध नहीं हैं, तो भारी जुर्माना लग सकता है:
- वाहन बीमा: यदि किसी गाड़ी का बीमा वैलिड नहीं है, तो लगभग 2,000 रुपये तक का चालान हो सकता है ।
- पॉल्यूशन सर्टिफिकेट: PUC न होने पर करीब 10,000 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है ।
- फिटनेस सर्टिफिकेट: फिटनेस सर्टिफिकेट की कमी पर पहली बार 5,000 रुपये और दोबारा गलती पर 10,000 रुपये तक की पेनल्टी लगेगी ।
- वैध परमिट: बिना वैध परमिट के गाड़ी चलाने पर भी लगभग 10,000 रुपये का जुर्माना तय है ।
यह रकम नियमों के तहत तय की गई हैं और सीधे वाहन मालिक के नाम दर्ज होंगी। चालान की जानकारी मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी, इसलिए रजिस्ट्रेशन डिटेल्स अपडेट रखना भी जरूरी है ।
कैसे बचें परेशानी से?
अगर आप रेगुलर तौर पर एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करते हैं, तो सबसे पहले अपने वाहन के सभी दस्तावेज ऑनलाइन चेक करें। बीमा, पॉल्यूशन और फिटनेस की एक्सपायरी डेट देखें और समय रहते रिन्यू करा लें । कई लोग सोचते हैं कि टोल पार करने भर से काम चल जाएगा, लेकिन अब डिजिटल निगरानी में ऐसा नहीं होगा। ई-डिटेक्शन सिस्टम तुरंत गड़बड़ी पकड़ लेगा। ध्यान रखें, चालान कटने के बाद उसे भरना ही होगा और देर करने पर एक्स्ट्रा चार्ज भी जुड़ सकता है । बेहतर यही है कि सफर से पहले दस्तावेज पूरे रखें, जिससे रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो।
1 अप्रैल से कैश पेमेंट पर भी रोक
इसके अलावा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) 1 अप्रैल 2026 से नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर कैश से टोल वसूली पूरी तरह बंद करने की तैयारी में है । यानी आने वाले समय में टोल प्लाजा पर केवल डिजिटल माध्यम से ही भुगतान स्वीकार किया जाएगा। टोल चुकाने के लिए सिर्फ दो तरीके मान्य होंगे- FASTag और UPI । इसका मतलब है कि अगर कोई वाहन चालक नकद लेकर टोल पर पहुंचता है, तो उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल अगर किसी वाहन में वैध FASTag नहीं है और वह कैश से भुगतान करता है, तो उसे दोगुना टोल देना पड़ता है ।
सरकार का मकसद है कि टोल प्लाजा पर गाड़ियों की आवाजाही बिना रुकावट के हो और समय की बचत हो। देश में 98 प्रतिशत से ज्यादा वाहनों में FASTag लग चुका है, जिससे लंबी कतारें कम हुई हैं और सफर पहले से ज्यादा आसान बना है । अतः वाहन चालकों से अपील है कि वे अपने दस्तावेजों की वैधता सुनिश्चित करें और डिजिटल भुगतान के लिए तैयार रहें।









