
सड़क पर चलते समय अक्सर हमें गिरे हुए पैसे या किसी की कीमती चीज़ मिल जाती है। ऐसे समय में मन में लालच आना स्वाभाविक है, लेकिन किसी और की संपत्ति को अपना समझकर रख लेना आपको मुसीबत में डाल सकता है। भारतीय कानून के अनुसार, यदि आप सड़क पर पड़ा हुआ सामान या पैसा उठाते हैं और उसके असली मालिक को ढूँढने की कोशिश नहीं करते, तो इसे अपराध माना जा सकता है। कानून यह मानता है कि वह संपत्ति किसी और की है जो गलती से वहाँ छूट गई है, इसलिए उसे बिना जानकारी के अपने पास रखना कानूनी रूप से गलत है।
सड़क पर पड़ा पैसा उठाना आपको बना सकता है ‘चोर
अगर आप सड़क पर गिरे हुए पैसे या किसी का सामान उठाकर अपने पास रख लेते हैं, तो संभल जाइए। कानून की नज़र में यह काम आपको मुसीबत में डाल सकता है, क्योंकि असली मालिक आप पर चोरी का आरोप लगा सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस आपके खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत कार्रवाई कर सकती है।
कानूनी रूप से सही तरीका यह है कि यदि आपको कोई लावारिस चीज़ या पैसे मिलते हैं, तो आप खुद उसके मालिक को खोजने का प्रयास करें। अगर मालिक नहीं मिलता, तो उसे तुरंत पास के पुलिस स्टेशन या किसी जिम्मेदार सरकारी एजेंसी को सौंप देना चाहिए। ऐसा करने से आप किसी भी कानूनी कानूनी झमेले या गलत आरोप से सुरक्षित रह सकते हैं।
सड़क पर मिला सामान उठाया तो निभानी होगी ‘बेली’ की जिम्मेदारी
भारतीय कानून के अनुसार, सड़क पर गिरी हुई कोई भी वस्तु उठाना केवल उसे पा लेना नहीं है, बल्कि यह एक बड़ी कानूनी जिम्मेदारी की शुरुआत है। इंडियन कॉन्ट्रैक्ट एक्ट, 1872 की धारा 71 स्पष्ट करती है कि यदि आप किसी दूसरे व्यक्ति का खोया हुआ सामान पाते हैं और उसे अपने पास रखते हैं, तो आपकी स्थिति कानूनन एक ‘बेली’ (Bailee) जैसी हो जाती है।
इसका सीधा मतलब यह है कि उस सामान पर आपका कोई मालिकाना हक नहीं है; आपको उसकी देखभाल वैसे ही करनी होगी जैसे आप अपनी चीज़ की करते हैं। साथ ही, आपकी यह कानूनी जिम्मेदारी है कि आप उस सामान के असली मालिक को खोजने का पूरा प्रयास करें और उसे सुरक्षित वापस लौटाएं।
सड़क पर मिला सामान हड़पा तो खानी पड़ सकती है जेल की हवा
भारतीय कानून के तहत सड़क पर गिरी हुई किसी वस्तु या पैसे को उठाकर बिना प्रयास किए अपने पास रख लेना एक गंभीर अपराध माना जाता है। भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 403 (जो अब नए कानून में भी समान प्रावधान रखती है) के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति किसी दूसरे की चल संपत्ति को बेईमानी से अपने उपयोग में लाता है या उसे अपने पास छिपाकर रखता है, तो इसे ‘संपत्ति का गबन’ या दुरुपयोग माना जाएगा। कानूनन यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप उस सामान को पुलिस को सौंपें या मालिक तक पहुँचाएँ। यदि आप ऐसा नहीं करते हैं और सामान का इस्तेमाल कर लेते हैं, तो दोष सिद्ध होने पर दो साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है।









