
साल 2026 में ट्रैवलिंग का नया ट्रेंड ‘वॉकिंग टूर’ लोगों को खूब पसंद आ रहा है। अब पर्यटक शोर-शराबे और ट्रैफिक के बजाय शहरों की गलियों को पैदल घूमकर सुकून से एक्सप्लोर करना चाहते हैं। हाल ही में स्काईस्कैनर ने दुनिया के ऐसे 5 बेहतरीन शहरों की लिस्ट जारी की है, जो पैदल घूमने के लिए सबसे सुरक्षित और सुविधाजनक हैं। हवा की शुद्धता, रास्तों की खूबसूरती और बेहतर सुरक्षा के मामले में ये शहर पैदल यात्रियों की पहली पसंद बन गए हैं, जहाँ आप बिना किसी गाड़ी के पूरे शहर का असली अनुभव ले सकते हैं।
कोर्डोबा
अगर आप इतिहास प्रेमी हैं, तो स्पेन का कोर्डोबा (Cordoba) शहर पैदल घूमने के लिए जन्नत है। यहाँ की पुरानी गलियाँ इतनी संकरी और पास-पास हैं कि आपको टैक्सी की बिल्कुल ज़रूरत नहीं पड़ेगी। आप महज़ 26 मिनट की पैदल वॉक में शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों, जैसे मशहूर मेजक्विटा कैथेड्रल और स्थानीय बाज़ारों को आसानी से देख सकते हैं। यह शहर अपनी वास्तुकला और सुकून भरे रास्तों के लिए जाना जाता है, जहाँ सब कुछ बस चंद कदमों की दूरी पर है।
नागासाकी
जापान का नागासाकी शहर अपनी शांति और बेहतरीन बनावट के लिए जाना जाता है। समंदर के किनारे बसे इस शहर की सड़कें इतनी साफ और सुरक्षित हैं कि यहाँ पैदल चलना एक सुखद अनुभव बन जाता है। यहाँ के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स एक-दूसरे के बेहद करीब हैं, जिससे आप टहलते हुए ही शहर के गहरे इतिहास और संस्कृति को करीब से महसूस कर सकते हैं। यह उन यात्रियों के लिए परफेक्ट है जो सुकून के साथ पैदल घूमना पसंद करते हैं।
हिरोशिमा
जापान का हिरोशिमा शहर पैदल घूमने के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहाँ का सिटी सेंटर इस तरह व्यवस्थित है कि सभी प्रमुख पार्क, म्यूजियम और ऐतिहासिक स्मारक एक ही रास्ते पर आते हैं। पूरे मुख्य रूट को आप मात्र 40-41 मिनट में पैदल कवर कर सकते हैं। विशेष रूप से यहाँ के शांति स्मारक पार्क (Peace Memorial Park) में टहलना एक भावनात्मक और सुकून भरा अनुभव देता है, जिसे गाड़ियों के शोर में महसूस करना नामुमकिन है।
ट्रिएस्ट
इटली का ट्रिएस्ट (Trieste) शहर उन लोगों के लिए बेहतरीन है, जो समंदर की लहरों के साथ पैदल घूमना पसंद करते हैं। यहाँ की खूबसूरती का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि प्रमुख ऐतिहासिक मूर्तियाँ और दर्शनीय स्थल एक-दूसरे से मात्र 2,300 कदमों की दूरी पर हैं। यानी आप आधे घंटे से भी कम समय में टहलते हुए शहर के मुख्य आकर्षणों को देख सकते हैं। समंदर के नज़ारों और कलाकृतियों के बीच यहाँ का पैदल सफर कब पूरा हो जाता है, पता ही नहीं चलता।
मोंटे कार्लो
मोंटे कार्लो को अक्सर महंगी कारों और शानदार कैसीनो के लिए जाना जाता है, लेकिन इसकी असल खूबसूरती इसके छोटा होने में है। एक वर्ग किलोमीटर से भी कम क्षेत्रफल में फैला यह शहर पैदल यात्रियों के लिए स्वर्ग है। यहाँ के आलीशान लग्जरी बुटीक और सुंदर बगीचे एक-दूसरे के इतने करीब हैं कि आपको पूरा शहर घूमने के लिए किसी बस या मेट्रो की जरूरत महसूस नहीं होगी। टहलते हुए आप इस छोटे से शहर की भव्यता को बहुत करीब से देख सकते हैं।









