
यदि आपने त्योहारों के कारण अपने कुछ काम अगले महीने के लिए टाल दिए हैं, तो यह जानकारी आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। 1 नवंबर 2025 से देश भर में कई बड़े नियम बदल जाएंगे, जो आपकी जेब, निवेश और दैनिक जीवन को सीधे प्रभावित करेंगे। इन बदलावों में आधार कार्ड, बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, गैस सिलेंडर और म्यूचुअल फंड से जुड़े नियम शामिल हैं। अगर आप इन बदलावों के बारे में नहीं जानते हैं, तो आपको नुकसान भी उठाना पड़ सकता है, इसलिए इन 5 बड़े बदलावों की जानकारी लेना ज़रूरी है जो 1 नवंबर से लागू होंगे।
1 नवंबर से बदल जाएंगे ये 5 बड़े नियम
आधार कार्ड अपडेट करने की प्रक्रिया
UIDAI ने अब आधार कार्ड अपडेट करने की प्रक्रिया को आसान कर दिया है। अब आप घर बैठे नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं, जिसके लिए आधार केंद्र जाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। केंद्र सिर्फ बायोमेट्रिक डिटेल्स अपडेट कराने के लिए जाना होगा। नई सुविधा में, UIDAI आपकी जानकारी को PAN, पासपोर्ट, राशन कार्ड आदि सरकारी डेटाबेस से खुद-ब-खुद (ऑटोमेटिक) वेरिफाई करेगा, जिससे आपको डॉक्यूमेंट अपलोड करने की परेशानी खत्म हो जाएगी।
SBI क्रेडिट कार्ड
SBI क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए 1 नवंबर से नए नियम लागू हो रहे हैं, जिनका ध्यान रखना जरूरी है:
- थर्ड-पार्टी ऐप्स से फीस भुगतान: CRED, CheQ या Mobikwik जैसे ऐप्स के ज़रिए स्कूल या कॉलेज की फीस भरने पर अब आपको 1% अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
- सीधा भुगतान: हालांकि, अगर आप स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट या POS मशीन का इस्तेमाल करते हैं, तो कोई शुल्क नहीं लगेगा।
- वॉलेट लोड: क्रेडिट कार्ड से ₹1,000 से ज़्यादा का वॉलेट लोड करने पर 1% शुल्क लगेगा।
- अन्य शुल्क: अनसिक्योर्ड कार्ड्स पर 3.75% चार्ज और कार्ड से चेक पेमेंट करने पर ₹200 का शुल्क भी लगाया जाएगा।
म्यूचुअल फंड
SEBI म्यूचुअल फंड में और अधिक पारदर्शिता लाने के लिए नए नियम बनाए हैं। इन नियमों के तहत, अगर किसी फंड कंपनी (AMC) के कर्मचारी, अधिकारी, या उनके परिवार के लोग ₹15 लाख से ज्यादा का कोई लेन-देन करते हैं, तो उन्हें यह बात अपनी कंपनी के कंप्लायंस ऑफिसर (Compliance Officer) को बतानी होगी।
बैंकिंग सिस्टम में बदलाव
1 नवंबर से बैंकिंग सिस्टम में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जिसके तहत अब बैंक अकाउंट, लॉकर या सेफ कस्टडी के लिए ग्राहक एक नहीं, बल्कि चार नॉमिनी तक बना सकेंगे। यह नया नियम Banking Law (Revision) Act 2025 के तहत लागू हो रहा है। ग्राहक यह भी तय कर सकते हैं कि किस नॉमिनी को संपत्ति का कितना हिस्सा मिलेगा। साथ ही, अगर पहला नॉमिनी उपलब्ध नहीं है, तो उसका हिस्सा अपने आप अगले नॉमिनी को मिल जाएगा। इससे भविष्य में संपत्ति को लेकर होने वाले विवाद कम होंगे और प्रक्रिया पहले से ज़्यादा आसान और पारदर्शी हो जाएगी।
LPG (रसोई गैस), CNG और PNG की कीमतों में बदलाव
हर महीने की पहली तारीख यानी 1 नवंबर को तेल कंपनियां LPG (रसोई गैस), CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा करेंगी। यह बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों पर निर्भर करेगा, इसलिए इस बार इन गैसों के दाम बढ़ भी सकते हैं और घट भी सकते हैं।








