
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में राज्य के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। यात्रा के दूसरे दिन उन्होंने न केवल करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया, बल्कि राज्य के 94 लाख गरीब परिवारों को मिलने वाली आर्थिक मदद की सीमा बढ़ाने के भी संकेत दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि बिहार अब तेजी से पिछड़ेपन को पीछे छोड़कर देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होने के लिए तैयार है।
मोतिहारी में नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोतिहारी की जनसभा में घोषणा की है कि बिहार के 94 लाख गरीब परिवारों को स्वरोजगार के लिए दी जा रही 2 लाख रुपये की सहायता राशि को अब जरूरत के हिसाब से और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गरीब के जीवन को बेहतर बनाना है और केंद्र के सहयोग से अगले 5 वर्षों में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण के विकास के लिए 138 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और 24 करोड़ रुपये के नए कार्यों का शिलान्यास भी किया।
अब अस्पतालों में मरीजों को मिल रहा है बेहतर इलाज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आंकड़ों के जरिए बताया कि बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में कितना बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने पुरानी बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में महीने भर में औसतन केवल 39 मरीज ही आते थे, लेकिन अब सरकारी प्रयासों से यह संख्या बढ़कर 11,600 मरीज प्रति माह हो गई है। इसका मतलब है कि अब हर रोज करीब 350 से 400 लोग अस्पतालों में भरोसा जता रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि 2006 से ही राज्य के अस्पतालों में मुफ्त दवा और मुफ्त इलाज की ठोस व्यवस्था लागू है, जिससे गरीबों को बड़ी राहत मिली है।
अब 5 घंटे में पटना और रक्सौल एयरपोर्ट का रास्ता साफ़
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के बुनियादी ढांचे में हुए बड़े सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि अब राज्य के किसी भी सुदूर कोने से मात्र 5 घंटे में राजधानी पटना पहुँचना संभव हो गया है। सड़कों, रेल ओवरब्रिज और बाईपास के निर्माण से सफर अब पहले से कहीं ज़्यादा आसान हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय विकास के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं: बारा चीनी मिल को दोबारा शुरू किया जाएगा और रक्सौल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए इसी महीने टेंडर जारी कर दिया जाएगा, जिससे चंपारण के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
पुलिस और नौकरियों में आधी आबादी को मिला हक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने गर्व से कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जिसने पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। इसी का परिणाम है कि आज देश में सबसे अधिक महिला पुलिसकर्मी बिहार में हैं, जिन्हें 2013 से भर्ती में 35 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है। इसके साथ ही, 2016 से सभी सरकारी नौकरियों में मिल रहे 35 प्रतिशत आरक्षण ने महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बिहार इसी तरह प्रगति के नए रिकॉर्ड बनाता रहेगा।









