
होली का त्योहार रंगों की बौछार के साथ खुशियां लेकर आता है, लेकिन कार मालिकों के लिए यह समय चिंता का भी सबब बन सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जिन्होंने हाल ही में नई कार खरीदी है या जिनकी कार का रंग सफेद, सिल्वर जैसे लाइट शेड का है। अक्सर उत्सव के दौरान अनजाने में कार पर पक्के रंग या गुलाल लग जाते हैं, जिन्हें साफ करने के चक्कर में लोग ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जिनसे कार की चमक हमेशा के लिए फीकी पड़ सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कार के पेंट को बचाने के लिए सफाई के दौरान की गई चार बड़ी गलतियों से बचना बेहद जरूरी है ।
सूखे कपड़े से रगड़ने की भूल न करें
सबसे आम गलती जो लोग करते हैं, वह है सूखे कपड़े से रंग को साफ करने की कोशिश करना। जब कार पर सूखा गुलाल या गहरा पक्का रंग लगा होता है, तो उसे कभी भी सूखे कपड़े से झाड़ने या रगड़ने की भूल न करें। सूखे रंग के कणों में अक्सर छोटे-छोटे पत्थर, मिट्टी या धूल के कण होते हैं जो रगड़ने पर पेंट की ऊपरी क्लियर कोट पर बारीक खरोंचें या ‘स्वर्ल मार्क्स’ बना सकते हैं ।
इन खरोंचों से कार की चमक हमेशा के लिए फीकी पड़ सकती है और पेंट बेजान दिखाई देने लगता है। सही तरीका यह है कि सबसे पहले हल्के पानी की बौछार से रंग को हल्का और गीला किया जाए, ताकि रंग के कण बिना खरोंच पहुंचाए फिसल जाएं ।
केमिकल या थिनर का इस्तेमाल है खतरनाक
रंग को जल्दी से जल्दी छुड़ाने की जल्दबाजी में कई लोग घर में रखे नेल पॉलिश रिमूवर, थिनर, पेट्रोल या कड़े डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने लगते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह आपकी कार के लिए सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है । ये रसायन इतने सख्त होते हैं कि ये रंग के साथ-साथ कार के ओरिजिनल पेंट को भी काट देते हैं, जिससे पेंट पर धब्बे पड़ सकते हैं या रंग उतर सकता है। हमेशा कार-स्पेसिफिक शैंपू या ‘क्ले बार’ का ही उपयोग करें, जो पेंट को नुकसान पहुंचाए बिना गंदगी और रंग को हटाने में मदद करते हैं । बेकिंग सोडा का पेस्ट या सिरका का घोल भी एक सुरक्षित घरेलू विकल्प हो सकता है।
कड़े ब्रश या स्क्रब का यूज न करें
अगर रंग गहरा है और आसानी से नहीं निकल रहा, तो उसे निकालने के लिए बर्तन साफ करने वाले स्क्रब या सख्त प्लास्टिक ब्रश का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। नई कारों का पेंट काफी नाजुक होता है और सख्त रेशों वाले ब्रश उस पर गहरे निशान छोड़ सकते हैं जो बाद में जंग का कारण भी बन सकते हैं । इसकी जगह हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का उपयोग करें।
यह कपड़ा बहुत कोमल होता है और बिना स्क्रैच डाले रंग के कणों को सोख लेता है। माइक्रोफाइबर कपड़े की बनावट ऐसे होती है कि वह गंदगी को अपनी तरफ खींच लेती है, जिससे पेंट सुरक्षित रहता है ।
धूप में कार धोने से बचें
रंग लगे होने पर कार को कभी भी सीधी धूप में खड़ी करके न धोएं। धूप की गर्मी से पानी और सफाई के लिए इस्तेमाल किया गया शैंपू जल्दी सूख जाता है, जिससे पेंट पर सफेद दाग या वॉटर स्पॉट्स बन जाते हैं । साथ ही, गर्मी के कारण रंग पेंट के अंदर गहराई तक चिपक सकता है, जिससे उसे हटाना और भी मुश्किल हो जाता है। कार को हमेशा छायादार जगह पर पार्क करें और बॉडी ठंडी होने के बाद ही पानी का इस्तेमाल शुरू करें। छाया में सफाई करने से शैंपू और पानी को काम करने के लिए पर्याप्त समय मिलता है, जिससे रंग आसानी से निकल जाता है ।
बचाव ही सबसे बेहतर उपाय
विशेषज्ञों का सुझाव है कि इलाज से बेहतर है कि बचाव पर ध्यान दिया जाए। होली से 2-3 दिन पहले कार पर वैक्स कोटिंग, टेफ्लॉन या सिरेमिक कोटिंग करवा लें, जिससे रंग आसानी से चिपकते नहीं हैं । होली के दिन कार को कवर्ड पार्किंग में खड़ा करें या अच्छी क्वालिटी के कार कवर से ढक दें। PPF (पेंट प्रोटेक्शन फिल्म) लगी गाड़ियों में रंगों का असर कम होता है और दाग आसानी से हट जाते हैं । होली के बाद तुरंत कार वॉश करवा लें ताकि रंग जमने न पाएं और आपकी नई कार हमेशा की तरह चमकती रहे ।









