
जापान की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Sony अपनी होम एंटरटेनमेंट बिजनेस का बड़ा हिस्सा बेचने की अंतिम तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी चीनी इलेक्ट्रॉनिक्स दिग्गज TCL के साथ करीब 8,300 करोड़ रुपये (लगभग 1 बिलियन डॉलर) की डील पर काम कर रही है। ब्लूमबर्ग ने सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि यह डील अभी फाइनल स्टेज में है और इसकी आधिकारिक घोषणा इसी महीने हो सकती है, हालांकि अभी तक अंतिम समझौते पर साइन नहीं हुए हैं।
जॉइंट वेंचर में कैसे काम होगा
इससे पहले जनवरी में दोनों कंपनियों ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें जॉइंट वेंचर बनाने की योजना सामने आई थी। इस प्रस्ताव के तहत TCL के पास 51% हिस्सेदारी होगी, यानी ऑपरेशन का पूरा कंट्रोल उसी के पास रहेगा। वहीं Sony 49% हिस्सेदारी अपने पास रखेगा। यह जॉइंट वेंचर अप्रैल 2027 से शुरू हो सकता है, बशर्ते सभी जरूरी रेगुलेटरी मंजूरी मिल जाएं।
नए ढांचे के तहत, Sony अपने ब्रांड नाम और इंटलेक्चुअल प्रॉपर्टी (जैसे इमेज प्रोसेसिंग और ऑडियो सिस्टम) का योगदान देगा, जबकि TCL प्रोडक्ट डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, सेल्स, लॉजिस्टिक्स और कस्टमर सर्विस जैसे पूरे वैल्यू चेन को संभालेगा।
क्या बंद हो जाएंगे Sony के TV?
इस खबर के बाद उपभोक्ताओं के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अब Sony के TV बंद हो जाएंगे? इसका स्पष्ट जवाब है—नहीं। Bravia ब्रांड के TV पहले की तरह मार्केट में मिलते रहेंगे और उन पर Sony का नाम भी बना रहेगा। फर्क सिर्फ इतना होगा कि अब इन TV की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन TCL संभालेगा।
अब तक Sony अपने TV की क्वालिटी, पिक्चर और साउंड के लिए जानी जाती रही है। कंपनी ने Trinitron से लेकर OLED और LCD तक हर दौर में अपनी पहचान बनाई है। आने वाले समय में भी Sony TV में वही क्वालिटी और फीचर्स मिलेंगे, लेकिन इन्हें बनाने का तरीका बदल जाएगा। TCL अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और डिस्प्ले टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगा, जिससे प्रोडक्शन ज्यादा तेज और किफायती हो सकता है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
ग्लोबल TV मार्केट में प्रतिस्पर्धा बहुत तेज हो गई है। Samsung, LG, TCL और Hisense जैसी कंपनियां कीमत, क्वालिटी और प्रोडक्शन के मामले में कड़ी टक्कर दे रही हैं। Sony पहले ही अपने डिस्प्ले पैनल खुद बनाने से पीछे हट चुकी है और अब सप्लायर्स पर ज्यादा निर्भर है। इससे बड़ी मात्रा में TV बनाने वाली कंपनियों से मुकाबला करना मुश्किल हो रहा है।
वहीं TCL ने पैनल प्रोडक्शन और सप्लाई चेन में भारी निवेश किया है, जिससे वह कम लागत में ज्यादा प्रोडक्शन कर पाती है। Sony के लिए यह रणनीतिक कदम है, जिसके तहत कंपनी कम मुनाफे वाले हार्डवेयर सेगमेंट से ध्यान हटाकर PlayStation, म्यूजिक, मूवी, कैमरा और सॉफ्टवेयर-सर्विस जैसे हाई-प्रॉफिट सेगमेंट पर फोकस करना चाहती है।
आगे क्या होगा?
इस डील के बाद Sony का फोकस डिजाइन, टेक्नोलॉजी और ब्रांड वैल्यू पर रहेगा, जबकि TCL प्रोडक्शन और ऑपरेशन संभालेगा। यह मॉडल ऑटो इंडस्ट्री की तरह हो सकता है, जहां ब्रांड एक कंपनी का होता है लेकिन मैन्युफैक्चरिंग दूसरी कंपनी संभालती है। उपभोक्ताओं के लिए इसका मतलब है कि Bravia TV खरीदने पर उन्हें Sony का भरोसा और क्वालिटी मिलती रहेगी, लेकिन पर्दे के पीछे निर्माण और तकनीक TCL की होगी। कीमतें थोड़ी प्रतिस्पर्धी हो सकती हैं, जबकि वॉरंटी और सर्विस नेटवर्क Sony का ही बना रहेगा।









