
रेल से सफर करने वाले लाखों यात्रियों की एक बड़ी चिंता जल्द ही अतीत बनने वाली है। स्टेशन पर उतरने के बाद घर तक कैसे पहुंचें, बस या ऑटो कहां मिलेगा, किराया कितना होगा और सुरक्षा का क्या होगा- इन सवालों से अब छुटकारा मिलने वाला है। भारतीय रेलवे जल्द ही यात्रियों को स्टेशन से घर तक पहुंचाने की व्यवस्था शुरू करने जा रहा है, और इसके लिए रेलवे का भारत टैक्सी के साथ समझौता होने वाला है ।
एक ही ऐप में ट्रेन और टैक्सी बुकिंग
नई सुविधा के तहत अब यात्री RailOne (रेलवन) ऐप पर ट्रेन टिकट बुक करते समय ही टैक्सी भी बुक कर सकेंगे। ऐप में टिकट बुकिंग के दौरान एक अतिरिक्त विकल्प दिखाई देगा, जहां भारत टैक्सी का विंडो उपलब्ध होगा। बस कुछ क्लिक में आपकी टैक्सी कन्फर्म हो जाएगी। इसका मतलब यह है कि ट्रेन से उतरते ही आपको बाहर निकलकर कैब खोजने या अलग-अलग ऐप्स पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। आपका सफर स्टेशन से आगे तक पहले से प्लान हो चुका होगा, वो भी बिना किसी भागदौड़ के- घर बैठे ही ।
मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, समझौते के तहत आने वाले समय में रेलवे के RailOne ऐप से ही यात्री टिकट के साथ ही भारत टैक्सी बुकिंग की सुविधा पा सकेंगे। इसको लेकर तैयारी अंतिम चरण में है।
यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?
आमतौर पर यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलकर खुद बस, टैक्सी या कैब सर्विस की तलाश करनी पड़ती है, या फिर उन्हें परिवार वालों या परिचितों को बुलाना पड़ता था। यही नहीं, उन स्टेशनों के पास जहां कोई नियमित बस सेवा या ऑटो सेवा उपलब्ध नहीं होती, कई बार यात्रियों को ऑटो या टैक्सी के लिए बेहद ऊंचे किराए चुकाने पड़ते हैं। सुरक्षा को लेकर चिंताएं अलग से होती ही हैं।
लेकिन इस नई व्यवस्था के साथ कन्फर्म ट्रेन टिकट के साथ ही टैक्सी भी कन्फर्म हो जाएगी। समय की बचत होगी, क्योंकि ट्रेन पहुंचने के साथ ही टैक्सी भी आपका इंतजार कर रही होगी। यात्रियों के लिए अनिश्चितता और असुविधा कम होगी, साथ ही सफर भी सुरक्षित होगा। यह सेवा खास तौर पर नए शहरों में पहुंचने वाले यात्रियों के लिए बेहद मददगार साबित होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सुविधा खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और अकेले यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी, जो अजनबी शहर में पहुंचकर परिवहन की व्यवस्था को लेकर चिंतित रहते हैं ।
क्या है RailOne ऐप?
भारतीय रेलवे का RailOne (रेलवन) ऐप एक सुपर ऐप के रूप में काम करता है, जिसे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 1 जुलाई 2025 को लॉन्च किया था । लॉन्च के बाद से ही यह ऐप तेजी से लोकप्रिय हुआ है। महज 8 महीने से भी कम समय में 2 करोड़ से अधिक लोगों ने इस ऐप को डाउनलोड किया है ।
यह ऐप रोजाना करीब 6 लाख टिकट बुकिंग संभालने की क्षमता रखता है। RailOne से यात्री न केवल ट्रेन टिकट बुक कर सकते हैं, बल्कि PNR स्टेटस चेक करना, लाइव ट्रेन ट्रैकिंग, खाना ऑर्डर करना, शिकायत दर्ज करना और रिफंड की स्थिति देखना जैसे कई काम एक ही जगह से कर सकते हैं। अब इस ऐप में टैक्सी बुकिंग जुड़ने से यह यात्रियों के लिए एक “वन-स्टॉप ट्रैवल सॉल्यूशन” बनता जा रहा है।
कैसे काम करेगी यह सुविधा?
- RailOne ऐप खोलें और ट्रेन टिकट बुक करें
- टिकट बुकिंग के दौरान “टैक्सी बुक करें” विकल्प पर क्लिक करें
- भारत टैक्सी के विंडो में पिकअप लोकेशन (स्टेशन) और ड्रॉप लोकेशन (आपका घर या होटल) दर्ज करें
- टैक्सी का प्रकार चुनें (सेडान, SUV आदि)
- ऑनलाइन पेमेंट करें
- बुकिंग कन्फर्म होने पर आपको टैक्सी ड्राइवर का नाम, नंबर और गाड़ी का विवरण मिल जाएगा
- ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर टैक्सी बाहर आपका इंतजार कर रही होगी
भारत टैक्सी ऐप
भारत टैक्सी, जो दिल्ली से शुरू होकर जल्द ही कई बड़े शहरों में पहुंचने वाली है, का किराया ओला और उबर से कम रहने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को एक सस्ता और भरोसेमंद विकल्प मिल सकेगा । रेल मंत्रालय का लक्ष्य है कि इस सुविधा को धीरे-धीरे सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लागू किया जाए, ताकि देश भर के यात्री इसका लाभ उठा सकें।









