
1 अप्रैल 2026 से लागू होने जा रहे नए इनकम टैक्स ढांचे के साथ क्रेडिट कार्ड सिर्फ पेमेंट का जरिया नहीं, बल्कि आपकी टैक्स पहचान का अहम पैमाना बन जाएगा। नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 और प्रस्तावित इनकम टैक्स रूल्स 2026 के तहत सरकार क्रेडिट कार्ड खर्च को सीधे टैक्स प्रोफाइल से लिंक करने की तैयारी में है, ताकि आपकी घोषित आमदनी और असल खर्च के बीच किसी भी अंतर को तुरंत पकड़कर उस पर कार्रवाई की जा सके।
अब बचेगा नहीं कैश फ्लो का खेल
अब तक हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन की रिपोर्टिंग का प्रावधान तो था, लेकिन उसका पालन उतनी सख्ती से नहीं होता था, जिसकी वजह से कई बार लोग क्रेडिट कार्ड के जरिए भारी खर्च कर भी लेते थे और टैक्स सिस्टम को इसकी पूरी तस्वीर नहीं मिलती थी। नए ढांचे में सालाना 10 लाख रुपये या उससे ज्यादा के डिजिटल क्रेडिट कार्ड खर्च और 1 लाख रुपये से ऊपर के कैश पेमेंट जैसे ट्रांजैक्शन को सीधे इनकम टैक्स सिस्टम में रिपोर्ट करने का प्रस्ताव रखा गया है। अगर किसी टैक्सपेयर की ITR में दिखाई गई आय और उसके क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में दिख रहे खर्च में बड़ा अंतर मिला, तो उसकी प्रोफाइल स्वतः ही जांच के दायरे में आ सकती है।
इस व्यवस्था के चलते ‘कैश फ्लो’ छिपाना पहले जितना आसान नहीं रहेगा, खासकर उन लोगों के लिए जो दोस्तों-रिश्तेदारों की शॉपिंग अपने कार्ड से कराकर बाद में कैश में रिकवर करते थे या घोषित आय से कहीं ज्यादा लाइफस्टाइल मेंटेन कर रहे थे। टैक्स विभाग अब SFT यानी स्पेसिफाइड फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन रिपोर्ट, AIS/TIS डेटा और क्रेडिट कार्ड रिपोर्टिंग को मिलाकर प्रोफाइल तैयार करेगा।
PAN लिंकिंग अनिवार्य, ‘ग्रे जोन’ होगा खत्म
नए नियमों का सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब हर क्रेडिट कार्ड को PAN से लिंक करना अनिवार्य कर दिया जाएगा। बिना PAN के क्रेडिट कार्ड जारी करने पर पाबंदी जैसे प्रावधान से पहले मौजूद वो ‘ग्रे जोन’ काफी हद तक खत्म हो जाएगा, जहां बड़े-बड़े स्वाइप टैक्स डेटा से पूरी तरह नहीं जुड़ पाते थे।
PAN लिंक होने के बाद आपका हर बड़ा डिजिटल खर्च, EMI, इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन या ऑनलाइन शॉपिंग सीधे आपके टैक्स प्रोफाइल का हिस्सा मानी जाएगी। आगे चलकर ये डेटा न सिर्फ स्क्रूटनी के लिए, बल्कि क्रेडिट स्कोर, लोन एप्रूवल और जोखिम आकलन जैसे इस्तेमालों में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
कंपनी कार्ड से निजी खर्च हुआ ‘टैक्सेबल’
ड्राफ्ट इनकम टैक्स रूल्स 2026 में कॉरपोरेट या कंपनी क्रेडिट कार्ड के निजी इस्तेमाल पर भी सख्ती का प्रावधान है। अगर कोई कर्मचारी कंपनी के कार्ड से पर्सनल शॉपिंग, फैमिली ट्रैवल या निजी बिलों का पेमेंट करता है और उसका भुगतान एम्प्लॉयर की तरफ से होता है, तो ऐसे खर्च को टैक्सेबल परक्विजिट यानी कर्मचारी की अतिरिक्त आय माना जा सकता है।
इसके उलट, आधिकारिक टूर, क्लाइंट मीटिंग, होटल या बिजनेस रिलेेटेड खर्च, जिनका उचित रिकॉर्ड और अप्रूवल मौजूद हो, वे पहले की तरह ही कंपनी के बिजनेस खर्च माने जाएंगे और कर्मचारी की पर्सनल टैक्सेबल इनकम में नहीं जोड़े जाएंगे। इसका मतलब है कि HR और फाइनेंस डिपार्टमेंट के साथ-साथ कर्मचारी को भी अब ऑफिस कार्ड पर हर swipe का सबूत और nature साफ-साफ दर्ज रखना होगा।
क्रेडिट कार्ड से टैक्स चुकाने की मंजूरी, लेकिन…
नए ढांचे में सरकार ने टैक्सपेयर को एक और अहम विकल्प देते हुए इनकम टैक्स का भुगतान भी क्रेडिट कार्ड से करने की इजाजत देने का प्रावधान रखा है। इससे उन लोगों को सुविधा मिलेगी जो कैश फ्लो मैनेजमेंट या अचानक बने टैक्स देनदारी को मैनेज करने के लिए शॉर्ट-टर्म क्रेडिट लेना चाहते हैं।
हालांकि, यह सुविधा जितनी आकर्षक दिखती है, उतनी ही महंगी भी साबित हो सकती है, अगर सावधानी नहीं बरती गई। टैक्स अमाउंट को क्रेडिट कार्ड से भरने के बाद अगर आप बिलिंग साइकिल के भीतर पूरा बकाया नहीं चुकाते, तो बैंक प्रोसेसिंग फीस के साथ 30–40% के आसपास तक वार्षिक ब्याज वसूल सकते हैं, जिससे असल टैक्स की रकम से कहीं ज्यादा बोझ जेब पर पड़ सकता है।
हर खर्च बनेगा भरोसे की रिपोर्ट
इन नए नियमों का सबसे बड़ा संदेश यही है कि क्रेडिट कार्ड अब सिर्फ ‘खर्च का साधन’ नहीं, बल्कि आपकी फाइनेंशियल विश्वसनीयता और टैक्स कंप्लायंस का इंडिकेटर बनता जा रहा है। आम यूजर के रोजमर्रा के छोटे-मोटे भुगतान पर इन बदलावों का सीधा असर भले कम दिखे, लेकिन यह साफ हो गया है कि हाई-वैल्यू शॉपिंग, ट्रैवल, ऑनलाइन बुकिंग या इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन अब टैक्स सिस्टम की सीधी नजर में होंगे।
आने वाले समय में फाइनेंशल प्रोफाइल का मूल्यांकन करते समय सिर्फ यह सवाल नहीं पूछा जाएगा कि “आप कितना कमाते हैं”, बल्कि यह भी बारीकी से देखा जाएगा कि “आप कितना और किस चैनल से खर्च कर रहे हैं”। ऐसे में समझदारी इसी में है कि कार्ड खर्च को अपनी घोषित आय और डॉक्यूमेंटेड सोर्स ऑफ फंड के दायरे में रखें, कैश पेमेंट से बचें और हर बड़े ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड आगे से अभी से संभालकर रखें।









