
भारत के लाखों युवा डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं और इसके लिए सालों की कड़ी मेहनत करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश सेवा के साथ-साथ मेडिकल करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का शानदार रास्ता इंडियन आर्मी भी प्रदान करती है? अगर MBBS पूरा करने के बाद आपका सपना है सेना में डॉक्टर बनना, तो यह ख़बर आपके लिए है। आर्मी डॉक्टर्स को न सिर्फ़ ऑफिसर्स की तरह रैंक मिलती है, बल्कि रिटायरमेंट बेनिफिट्स, फैमिली पेंशन, ग्रेच्युटी और मुफ्त मेडिकल सुविधाओं का भी लाभ होता है। आइए, जानते हैं पूरी प्रक्रिया को विस्तार से।
सेना में डॉक्टर बनने के दो मुख्य रास्ते
सेना में डॉक्टर बनने का सफर दो मुख्य रास्तों से शुरू होता है। पहला, 12वीं के बाद NEET क्वालीफाई करके Armed Forces Medical College (AFMC), पुणे में दाखिला लेना। AFMC देश का सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज है, जहां हर साल सिर्फ़ 150 सीटें उपलब्ध होती हैं- 115 लड़कों, 30 लड़कियों और 5 विदेशी छात्रों के लिए। NEET में शानदार स्कोर लाने के बाद टॉलरेंस टेस्ट, मेडिकल जांच और इंटरव्यू पास करना पड़ता है।
यहां मेंटल-फिजिकल स्टैमिना, कम्युनिकेशन स्किल्स और नेतृत्व क्षमता परखी जाती है। AFMC से MBBS पूरा करने पर आपको फ्री एजुकेशन, स्टाइपेंड और सीधे सेना में कमीशन मिल जाता है। पढ़ाई के दौरान ही मिलिट्री ट्रेनिंग भी होती है, जो आपको कैप्टन रैंक पर कमीशन दिलाती है।
MBBS के बाद AFMS के जरिए भर्ती
लेकिन अगर आपने पहले ही MBBS पूरा कर लिया है, तो चिंता न करें। MBBS के बाद Armed Forces Medical Services (AFMS) के जरिए Short Service Commission (SSC) या Permanent Commission (PC) के तहत भर्ती हो सकते हैं। joinindianarmy.nic.in पर नोटिफिकेशन चेक करें, जैसे हालिया 2026 भर्ती में 100 मेडिकल ऑफिसर पदों पर आवेदन 4 मार्च तक खुले थे। योग्यता में MBBS डिग्री MCI मान्यता प्राप्त कॉलेज से, इंटर्नशिप पूरी और आयु 30 वर्ष तक (आरक्षित वर्गों को छूट) जरूरी है।
आवेदन के बाद शॉर्टलिस्टिंग होती है, फिर SSB इंटरव्यू, मेडिकल टेस्ट और मेरिट लिस्ट। चयन पर 6-12 महीने की मिलिट्री ट्रेनिंग मिलती है, जिसमें डिसिप्लिन, फील्ड मेडिसिन और युद्धकालीन चिकित्सा सिखाई जाती है। महिलाओं के लिए भी SSC के द्वार पूरी तरह खुले हैं।
आर्मी डॉक्टर्स का शानदार सैलरी पैकेज
सैलरी पैकेज तो किसी परीकथाई से कम नहीं। कैप्टन रैंक से शुरूआत में बेसिक पे 61,300 रुपये मासिक, माइलिट्री सर्विस पे (MSP) 15,500 रुपये, डीए, ट्रांसपोर्ट अलाउंस (3,600-7,200 रुपये) और नॉन-प्रैक्टिस अलाउंस मिलता है। कुल मिलाकर हाथ में 1 लाख से ज़्यादा आता है। ऊपर से फ्री आवास, कैंटीन सुविधा, स्कूल एजुकेशन बच्चों के लिए और पेंशन जैसे लाभ। रिटायरमेंट के बाद सिविलियन प्रैक्टिस या सरकारी नौकरी का रास्ता भी आसान।
राष्ट्रभक्ति का प्रतीक: सेना में डॉक्टर बनें
सेना में डॉक्टर बनना सिर्फ़ नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। AFMC का कटऑफ हर साल बदलता है, लेकिन मेहनत से हर सपना साकार हो सकता है। लेटेस्ट अपडेट्स के लिए आधिकारिक वेबसाइट चेक करें और तैयारी शुरू करें। देश को आप जैसे योद्धा डॉक्टर्स की ज़रूरत है!









