
यदि आप सरकारी नौकरी करना चाहते है तो आपके लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 45,000 से भी ज़्यादा पदों पर होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती निकाली है। सरकार ने इस संबंध में शासनादेश (सरकारी आदेश) जारी कर दिया है और भर्ती के नियम भी तय कर दिए हैं। भर्ती की ज़िम्मेदारी उ.प्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को दी गई है। सबसे पहले, जिलों से खाली पदों का प्रस्ताव होमगार्ड मुख्यालय के माध्यम से बोर्ड को भेजा जाएगा। इसके बाद, बोर्ड भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करेगा, और फिर लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के लिए सरकार ने आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की है।
होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के नए नियम
प्रमुख सचिव होमगार्ड, राजेश कुमार सिंह द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, होमगार्ड भर्ती के लिए पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद, भर्ती बोर्ड जिलेवार मेरिट लिस्ट जारी करेगा। मेरिट लिस्ट में सफल उम्मीदवारों का फिर शारीरिक मानक परीक्षण, दस्तावेज़ों का सत्यापन और शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इन सभी चरणों को पास करने वालों की ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया से पहले, सभी जिलों को पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए खाली पदों की संख्या आरक्षण नियमों का पालन करते हुए अलग-अलग स्पष्ट रूप से भर्ती बोर्ड को भेजनी होगी।
भर्ती के लिए पात्रता से जुड़ी ज़रूरी शर्तें
इस आदेश के अनुसार, शारीरिक या मानसिक रूप से दोषपूर्ण या दिव्यांग व्यक्ति इस भर्ती (एनरोलमेंट) के योग्य नहीं माने जाएंगे। आवेदन करने के लिए ज़रूरी है कि उम्मीदवार उसी ज़िले का मूल निवासी हो जहाँ की रिक्ति के लिए वह आवेदन कर रहा है।
इसके अलावा जो लोग पहले से ही सरकारी, अर्द्ध-सरकारी या सार्वजनिक उपक्रमों की सेवाओं में नियमित रूप से कार्यरत हैं, वे पात्र नहीं होंगे। यदि किसी व्यक्ति को सरकार या किसी प्राधिकरण द्वारा पद से हटाया गया है, या किसी न्यायालय में आपराधिक मुकदमा चल रहा है, अथवा एक से ज़्यादा पति या पत्नी जीवित हैं, तो ऐसे व्यक्ति भी इस एनरोलमेंट के लिए पात्र नहीं होंगे।
होमगार्ड भर्ती गाइडलाइन के मुख्य बिंदु
- म्मीदवार का हाईस्कूल परीक्षा पास होना अनिवार्य है।
- दो घंटे की अवधि वाली, 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ (Objective) लिखित परीक्षा होगी।
- परीक्षा का पाठ्यक्रम और प्रक्रिया भर्ती बोर्ड द्वारा तय की जाएगी।
- एनसीसी प्रमाण पत्र धारकों को 1 से 3 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
- आपदा मित्र प्रमाण पत्र रखने वालों को 3 अतिरिक्त अंक मिलेंगे।
- चार पहिया वाहन का लाइसेंस होने पर 1 अतिरिक्त अंक अलग से दिया जाएगा।
- ऑनलाइन एनरोलमेंट के लिए आवेदन शुल्क का निर्धारण भर्ती बोर्ड करेगा।
- लिखित परीक्षा और सभी अतिरिक्त अंक जोड़ने के बाद, जिलावार मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
- होमगार्ड एनरोलमेंट के लिए कोई प्रतीक्षा सूची (Waiting List) नहीं बनाई जाएगी।
होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक मानक
होमगार्ड भर्ती के लिए पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों के लिए शारीरिक मानक तय किए गए हैं। सामान्य, एससी, और ओबीसी वर्ग के पुरुषों की न्यूनतम ऊँचाई 168 सेमी होनी चाहिए, जबकि एसटी वर्ग के पुरुषों के लिए यह 160 सेमी है।
वहीं सामान्य, एससी, और ओबीसी वर्ग की महिलाओं के लिए न्यूनतम ऊँचाई 152 सेमी निर्धारित है, जबकि एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए यह 147 सेमी है। सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों का न्यूनतम वज़न 40 किलो होना अनिवार्य है।








