
उत्तर प्रदेश (UP) और महाराष्ट्र सरकारों के हालिया फैसलों से कई लोग परेशानी में हैं। अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या आधार कार्ड के आधार पर बने जन्म प्रमाण पत्र मान्य (Valid) रहेंगे या नहीं। दोनों राज्यों की सरकारों ने स्पष्ट कर दिया है कि जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में आधार कार्ड का उपयोग नहीं किया जा सकता, क्योंकि आधार में दर्ज जन्म तिथि किसी आधिकारिक दस्तावेज़ से प्रमाणित नहीं होती।
इसी कारण आधार से बने कई जन्म प्रमाण पत्र अब जाँच के दायरे में आ गए हैं और वे रद्द किए जा सकते हैं। अगर आपका प्रमाण पत्र भी आधार से बना है, तो आपको यह जानना ज़रूरी है कि अब आपको क्या कदम उठाने होंगे।
अब जन्मतिथि के लिए आधार कार्ड मान्य नहीं
उत्तर प्रदेश सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आधार कार्ड अब जन्म तिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार का कहना है कि आधार कार्ड बनाते समय जन्मतिथि को किसी विश्वसनीय दस्तावेज़ से मिलाकर तय नहीं किया जाता है, इसलिए इसे सुरक्षित प्रमाण नहीं माना जा सकता। अब नियुक्ति (जॉब) से लेकर प्रमोशन तक, किसी भी सरकारी काम के लिए जन्म प्रमाण पत्र, हाई स्कूल की मार्कशीट, या नगर निकाय/स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होंगे।
फर्जी जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र रद्द होंगे
महाराष्ट्र सरकार ने फर्जीवाड़े को रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई शुरू की है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने घोषणा की है कि अगर किसी का जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र केवल आधार कार्ड के आधार पर जारी किया गया है, तो उसे फर्जी या संदिग्ध मानकर तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। यह कदम उन मामलों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है, जिनमें गलत और जाली दस्तावेजों का उपयोग करके ये प्रमाण पत्र हासिल किए जा रहे थे।
रद्द जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन कैसे करें
अगर आपका जन्म प्रमाणपत्र सिर्फ आधार कार्ड के आधार पर जारी हुआ था और अब वह रद्द होने की श्रेणी में आ गया है, तो आपको घबराना नहीं है। नए और वैध जन्म प्रमाणपत्र के लिए, आपको सही दस्तावेज़ जमा करने होंगे।
इसके लिए आप हाई स्कूल की मार्कशीट, अस्पताल का जन्म रिकॉर्ड, माता-पिता के दस्तावेज़, या जन्मतिथि/जन्म स्थान साबित करने वाला कोई अन्य आधिकारिक प्रमाण इस्तेमाल कर सकते हैं। संबंधित विभाग में आवेदन दें और ये दस्तावेज़ जमा करके प्रक्रिया पूरी करें, ताकि आगे किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा न हो और आपको दोबारा परेशानी न उठानी पड़े।









