
इलेक्ट्रिक वाहन (EV) जगत में तहलका मचाने वाली चीनी दिग्गज BYD ने अपनी दूसरी पीढ़ी की Blade Battery और FLASH Charging Technology लॉन्च कर दी है। कंपनी का दावा है कि यह क्रांतिकारी तकनीक EV की दो सबसे बड़ी परेशानियों- धीमी चार्जिंग स्पीड और ठंडे मौसम में खराब परफॉर्मेंस- को हमेशा के लिए खत्म कर देगी। मात्र 5 मिनट में बैटरी 10% से 70% तक चार्ज हो जाती है, जबकि 9 मिनट में यह 97% तक पहुंच जाती है। इतना ही नहीं, -30 डिग्री सेल्सियस की कठोर ठंड में भी 20% से 97% चार्जिंग में केवल 12 मिनट लगते हैं, जो सामान्य तापमान से महज 3 मिनट ज्यादा है ।
BYD की ब्लेड बैटरी 2.0
BYD की Blade Battery मूल रूप से लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) पर आधारित है, जिसे 29 वर्षों के रिसर्च के बाद विकसित किया गया। यह EV और प्लग-इन हाइब्रिड कारों के लिए डिजाइन की गई है, जिसमें अनोखी ब्लेड जैसी पतली-लंबी संरचना है। इससे बैटरी पैक में 50% ज्यादा स्पेस का उपयोग होता है, ऊर्जा घनत्व 5% बढ़ जाता है और CLTC साइकल में 1000 किमी से ज्यादा रेंज मिलती है। Ion Transport System- Flash-Release कैथोड, Flash-Flow इलेक्ट्रोलाइट (AI से ऑप्टिमाइज्ड) और Flash-Intercalate ऐनोड- से आंतरिक रेसिस्टेंस कम होता है, जिससे तेज चार्जिंग में गर्मी नहीं बढ़ती ।
सुरक्षा में बेजोड़, नेल टेस्ट पास
सुरक्षा Blade Battery की सबसे बड़ी ताकत है। कंपनी ने 500 फ्लैश चार्जिंग साइकिल के बाद नेल पेनेट्रेशन टेस्ट किया, जिसमें कोई आग, धुआं या थर्मल रनअवे नहीं हुआ। तापमान मात्र 30-60 डिग्री सेल्सियस रहा। 700 डिग्री से ऊपर के थर्मल रनअवे टेस्ट में भी विस्फोट नहीं हुआ। यह बैटरी 5000+ चार्ज-डिस्चार्ज साइकिल झेल सकती है, जिसमें क्षमता डिग्रेडेशन पहली जनरेशन से 2.5% कम है। पारंपरिक बैटरियों से कहीं ज्यादा स्थिर और लंबी उम्र वाली ।
मार्केट पर गहरा असर, Tesla को चुनौती
1000V हाई-वोल्टेज आर्किटेक्चर पर बनी यह तकनीक 1500 kW पावर (746 kW से ज्यादा) देती है। BYD चीन में 4239 फ्लैश चार्जिंग स्टेशन पहले ही लगा चुकी है और 2026 अंत तक 20,000 करने का प्लान है। हर स्टेशन में एनर्जी स्टोरेज सिस्टम है, जो ग्रिड लोड कम करता है। Yangwang U7, Denza Z9GT जैसे मॉडल 4-5 मिनट में 10-70% चार्ज हो जाते हैं।
पेट्रोल पंप जितना समय लगेगा, EV भर जाएगी- चार्जिंग एंग्जायटी खत्म! भारत जैसे बाजारों में, जहां दिल्ली-NCR में इंफ्रास्ट्रक्चर सीमित है, यह गेम-चेंजर साबित होगी। BYD के Atto 3 जैसे मॉडल पहले से मौजूद हैं, नई टेक जल्द आ सकती है ।
भविष्य की EV क्रांति
BYD चेयरमैन वांग चुआनफू ने कहा कि यह EV एडॉप्शन को तेज करेगी। Tesla जैसी कंपनियों के लिए खतरे की घंटी, क्योंकि फ्लैश चार्जर रिकॉर्ड तोड़ रहा है। भारत में EV ग्रोथ को बूस्ट मिलेगा, लेकिन इंफ्रास्ट्रक्चर चुनौती बनी रहेगी। कुल मिलाकर, Blade Battery 2.0 पेट्रोल कारों को चुनौती दे रही है।









