
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने शिकायत की कि उसके गांव के आधार केंद्र पर एक बार अपडेट कराने के 200 रुपये वसूले जा रहे हैं। यूजर ने बताया कि उसने चार बार अपडेट के लिए 800 रुपये दिए, फिर भी उसका काम नहीं हुआ। इस गंभीर शिकायत के बाद भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने तुरंत संज्ञान लिया और आधार अपडेट से जुड़ी आधिकारिक फीस की पूरी जानकारी साझा की। UIDAI ने स्पष्ट किया कि आधार केंद्र पर तय सीमा से अधिक पैसे मांगना गलत है और लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी।
आधार अपडेट की फीस को लेकर न हों परेशान
अगर आप भी आधार कार्ड में नाम, पता या फोटो अपडेट कराने जा रहे हैं और फीस को लेकर उलझन में हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। अक्सर आधार केंद्रों पर जानकारी के अभाव में लोगों से मनचाही रकम वसूल ली जाती है। UIDAI ने स्पष्ट किया है कि हर सेवा के लिए एक निश्चित शुल्क तय है, जिससे ज्यादा पैसा देना नियमों के खिलाफ है। सही जानकारी होने पर न केवल आप धोखाधड़ी से बच सकते हैं, बल्कि अपनी मेहनत की कमाई भी बचा सकते हैं।
आधार अपडेट रेट लिस्ट
- नया आधार नामांकन (New Enrollment): यह पूरी तरह मुफ्त (Free) है।
- अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (5-7 और 15-17 वर्ष): बच्चों के लिए यह अपडेट पूरी तरह मुफ्त है।
- विशेष छूट (7-15 वर्ष): 30 सितंबर 2026 तक 7 से 15 साल के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट भी फ्री कर दिया गया है।
- बायोमेट्रिक अपडेट (17 वर्ष से अधिक): फोटो, फिंगरप्रिंट या आइरिस अपडेट कराने का शुल्क ₹125 है।
- डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता, जन्मतिथि): एक या एक से अधिक बदलावों के लिए ₹75 देने होंगे।
- ऑनलाइन पता अपडेट (myAadhaar पोर्टल): पोर्टल के माध्यम से एड्रेस अपडेट का शुल्क ₹75 (टैक्स सहित) है।
- आधार डॉक्युमेंट अपडेट: केंद्र या पोर्टल के माध्यम से दस्तावेज अपडेट कराने का शुल्क ₹75 है।
- कलर प्रिंटआउट: आधार सर्च और A4 शीट पर रंगीन प्रिंट निकलवाने का चार्ज ₹40 तय है।
myAadhaar’ पोर्टल पर ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपडेट करना अब 14 जून 2026 तक बिल्कुल मुफ्त है।
आधार सेंटर की मनमानी पर लगाम
UIDAI ने साफ कर दिया है कि आधार सेवाओं के लिए तय सरकारी शुल्क के अलावा एक भी अतिरिक्त रुपया देना नियमों के खिलाफ है। अगर कोई आधार नामांकन केंद्र आपसे अधिक पैसों की मांग करता है या भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो आप इसकी तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। UIDAI भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाता है और ऐसे केंद्रों पर सख्त कार्रवाई करता है। शिकायत करने के लिए आप सीधे ‘myAadhaar’ पोर्टल के शिकायत लिंक (https://myaadhaar.uidai.gov.in/file-complaint) पर जा सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट से मदद ले सकते हैं। जागरूक बनें और अपनी मेहनत की कमाई को अवैध वसूली से बचाएं।









