अगर आपने अभी तक अपना आधार कार्ड अपडेट नहीं कराया है, तो अब आपकी जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। 1 अक्टूबर 2025 से आधार से जुड़ी कई सेवाओं के लिए आपको पहले से ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बायोमेट्रिक और डेमोग्राफिक अपडेट की दरों में बढ़ोतरी कर दी है।

1 अक्टूबर से क्या-क्या होगा महंगा?
UIDAI के नए नियमों के अनुसार, 1 अक्टूबर से आधार अपडेट कराना महंगा हो जाएगा। बढ़ी हुई दरें इस प्रकार हैं:
- बायोमेट्रिक अपडेट: अगर आप अपनी उंगलियों के निशान, आंखों की पुतली (iris scan) या फोटो अपडेट कराते हैं, तो अब आपको ₹100 की जगह ₹125 देने होंगे। यह चार्ज उन बच्चों पर भी लागू होगा, जिनकी उम्र 7 से 14 साल के बीच है और वे अपना अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट करा रहे हैं।
- डेमोग्राफिक अपडेट: अपने आधार में नाम, पता, जन्मतिथि, जेंडर, या पिता का नाम जैसी जानकारी बदलने के लिए अब आपको ₹50 की जगह ₹75 चुकाने होंगे।
किनके लिए है राहत की बात?
हालांकि, इस बढ़ोतरी के बीच कुछ राहत की बातें भी हैं, अगर आप पहली बार अपना आधार कार्ड बनवा रहे हैं, तो यह पहले की तरह ही पूरी तरह फ्री रहेगा। वहीं 5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना भी निशुल्क है। अगर आप आधार सेवा केंद्र तक जाने में असमर्थ हैं और घर पर मशीन मंगाकर आधार अपडेट कराना चाहते हैं, तो उसकी फीस ₹700 ही रहेगी, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
क्यों हो रही है यह बढ़ोतरी?
UIDAI का कहना है कि यह कदम सेवाओं को और बेहतर बनाने और अपडेट प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जरूरी है। यह सुनिश्चित करेगा कि आधार केंद्र सुचारू रूप से काम करते रहें।
इसलिए, अगर आपको अपने आधार में कोई भी बदलाव कराना है, तो 30 सितंबर से पहले करा लें, वरना 1 अक्टूबर से आपको अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी।