
जैसे-जैसे ठंड का असर कम हो रहा है, उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 17 और 18 फरवरी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 17 से 19 फरवरी के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश में भी 18 और 19 फरवरी को हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव आने की उम्मीद है।
दिल्ली-एनसीआर वेदर अपडेट
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज, सोमवार (16 फरवरी) को आसमान साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के वक्त हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। आज दिन का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, कल से मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा; राजधानी में घने बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय कोहरा भी परेशान कर सकता है। कल न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी के साथ यह 13 से 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश वेदर अपडेट
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने, हल्की बूंदाबांदी होने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 15 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है, जिससे पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की पूरी संभावना है।
दिन में गर्मी और रात में ठंड, कल से दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार आज, सोमवार को दिनभर आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी, जिससे दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस होगी। आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हालांकि, अगले दो-तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, 17 और 18 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आ सकता है। फिलहाल, सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बरकरार रहेगी, जबकि दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी।
बिहार वेदर अपडेट
उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में भी अब मौसम सामान्य होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकलेगी जिससे दोपहर में गर्माहट महसूस होगी।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि फरवरी के मध्य तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और यह सामान्य बना रहेगा। फिलहाल राज्य का न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँच गया है, जिसके कारण सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है, जबकि दिन के तापमान में स्थिरता बनी रहेगी।









