
गर्मियों का मौसम नजदीक आते ही घर-घर में फ्रिज की डिमांड बढ़ जाती है। दूध, सब्जियां, ठंडा पानी- सब कुछ इसी पर निर्भर। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये जरूरी उपकरण कभी-कभी बम की तरह फट सकता है? हाल के वर्षों में कंप्रेसर ओवरहीटिंग और गैस लीकेज से कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ। विशेषज्ञों के मुताबिक, ज्यादातर मामले लापरवाही से होते हैं- सर्विसिंग टालना, ओवरलोडिंग और गलत प्लेसमेंट।
फ्रिज पर अंधविश्वास: चल रहा है तो ठीक?
हम सभी के घर में फ्रिज होता है और सच कहें तो इसके बिना जिंदगी मुश्किल लगती है। लेकिन अक्सर हम एक गलती करते हैं- जब तक फ्रिज पूरी तरह खराब न हो जाए, हम उसकी तरफ ध्यान ही नहीं देते। हल्की आवाज आ रही हो, कूलिंग कम हो रही हो या पीछे से ज्यादा गर्म हो रहा हो… हम सोचते हैं “चल रहा है ना, ठीक है।” यही सोच कई बार खतरनाक साबित हो जाती है। फ्रिज का कंप्रेसर लगातार काम करता रहता है, खासकर गर्मी में जब तापमान 40 डिग्री पार कर जाता है। वेंटिलेशन की कमी से गर्मी फंस जाती है, जिससे ओवरहीटिंग होती है और ब्लास्ट का खतरा बढ़ता है।
सर्विसिंग टालना मतलब रिस्क लेना
जैसे हम अपनी गाड़ी की सर्विस कराते हैं, वैसे ही फ्रिज की भी सर्विस जरूरी है। लेकिन ज्यादातर लोग सालों तक इसे चेक नहीं कराते। अंदर के पार्ट्स धीरे-धीरे घिसते रहते हैं, वायरिंग ढीली हो सकती है और कंप्रेसर पर दबाव बढ़ता जाता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि हर 6 महीने में सर्विसिंग करानी चाहिए, खासकर गर्मी से पहले। गंदे कंडेंसर कॉइल्स और खराब फैन से कंप्रेसर ज्यादा मेहनत करता है, जो फटने का कारण बनता है। राजस्थान के सिरोही में हाल ही एक युवक की मौत हो गई जब फ्रिज का कंप्रेसर ब्लास्ट हो गया।
कूलेंट कम या गड़बड़? तो समझिए खतरा
फ्रिज का असली काम कूलेंट गैस (R-600a जैसी ज्वलनशील) से चलता है। अगर गैस लीक हो जाए या कम हो, तो सिस्टम गड़बड़ा जाता है। कूलिंग कम होने पर मशीन ज्यादा मेहनत करती है, ओवरहीटिंग होती है। गैस लीकेज को हल्के में न लें- अजीब गंध या अचानक कूलिंग गिरना इसका संकेत है। स्पार्क लगते ही आग लग सकती है। शॉर्ट सर्किट, वोल्टेज फ्लक्चुएशन भी बड़ा खतरा हैं। सस्ते जुगाड़ वाले पार्ट्स लगवाना और भी खतरनाक- ये जल्दी खराब होते हैं।
स्मार्ट यूजर कैसे बनें?
सुरक्षा के लिए फ्रिज को दीवार से 15-20 सेमी दूर रखें, ताकि हवा का प्रवाह बना रहे। तापमान 4-5 डिग्री सेट करें, गर्म खाना ठंडा करके रखें। ओवरलोड न करें, स्टेबलाइजर यूज करें। चेतावनी संकेत जैसे तेज आवाज, जलन की गंध या गर्म पीछे का हिस्सा दिखे तो प्लग निकालें और एक्सपर्ट बुलाएं। थोड़ा ध्यान और समय पर मेंटेनेंस से आपका फ्रिज सुरक्षित रहेगा। गर्मी से पहले ये अपनाएं, वरना बड़ा नुकसान हो सकता है।









