
भारत में तेजी से बढ़ती डिजिटल और एआई क्रांति के बीच युवाओं के लिए सरकार ने एक बड़ा तोहफा दिया है। टेक्नोलॉजी, मीडिया और क्रिएटिव सेक्टर को नई रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने गूगल और यूट्यूब के साथ मिलकर 15 हजार युवाओं को एआई और डिजिटल स्किल्स में फ्री ट्रेनिंग देने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। यह पहल न सिर्फ स्किल डेवलपमेंट का मौका देगी, बल्कि कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल मीडिया और ब्रॉडकास्टिंग इंडस्ट्री में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए नई संभावनाएं भी खोलेगी।
तीन बड़ी पहलें एक साथ
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया और डिजिटल सेक्टर को मजबूत करने के लिए तीन अहम प्रोग्राम लॉन्च किए हैं। इन में पहला है नेशनल एआई स्किलिंग इनिशिएटिव, जिसके तहत युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल मीडिया से जुड़े प्रक्टिकली उपयोगी कौशल सिखाए जाएंगे। दूसरा है MyWAVES नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म, जो देशभर के क्रिएटर्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। तीसरी पहल के तहत टीवी टेक्नोलॉजी को अपग्रेड करके सीधे सैटेलाइट रिसेप्शन और एडवांस प्रोग्राम गाइड जैसी सुविधाएं पहुंचाने की तैयारी है।
15 हजार युवाओं को फ्री एआई ट्रेनिंग
नेशनल एआई स्किलिंग इनिशिएटिव इस पूरे प्लान का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है। इसके तहत 15,000 चुने गए युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जेनरेटिव एआई टूल्स, डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन और ऑनलाइन मीडिया वर्कफ्लो पर फ्री ट्रेनिंग दी जाएगी। गूगल, यूट्यूब और Google Cloud की मदद से तैयार किए गए कोर्स युवाओं को इंडस्ट्री स्टैंडर्ड के हिसाब से स्किल्ड बनाने पर फोकस करेंगे। यह मौका खास तौर पर उन स्टूडेंट्स और यंग प्रोफेशनल्स के लिए फायदेमंद होगा जो टेक्नोलॉजी, मीडिया, एनीमेशन, गेमिंग या कंटेंट क्रिएशन में अपना भविष्य देख रहे हैं, लेकिन महंगे प्रोफेशनल कोर्स अफोर्ड नहीं कर पाते।
MyWAVES: क्रिएटर्स के लिए नया मंच
सरकार की दूसरी बड़ी पहल MyWAVES प्लेटफॉर्म है, जिसे एक ओपन डिजिटल इकोसिस्टम की तरह विकसित किया जा रहा है। यहां युवा अपने वीडियो, ऑडियो, शॉर्ट्स, शो या अन्य डिजिटल कंटेंट तैयार कर अपलोड कर सकेंगे और दर्शकों तक पहुंचा सकेंगे। इससे क्षेत्रीय और लोकल स्तर के क्रिएटर्स, स्टूडेंट रिपोर्टर्स, स्वतंत्र पत्रकारों और आर्टिस्टों को भी अपनी पहचान बनाने का नया प्लेटफॉर्म मिलेगा। ऐसे समय में, जब कंटेंट ही करियर का बड़ा आधार बनता जा रहा है, यह प्लेटफॉर्म नई टैलेंटेड पीढ़ी को सीधा मंच और visibility दे सकता है।
गांव-गांव तक पहुंचेगी एडवांस टीवी टेक्नोलॉजी
तीसरी पहल के तहत सरकार टीवी सेट्स में इन-बिल्ट सैटेलाइट ट्यूनर और एडवांस प्रोग्राम गाइड जैसी तकनीक को बढ़ावा देने जा रही है। इसके जरिए दर्शक बिना अलग सेट-टॉप बॉक्स लगाए सीधे डीडी फ्री डिश जैसी सेवाएं पकड़ सकेंगे। ग्रामीण और दूरदराज इलाकों के परिवारों के लिए यह सुविधा खास अहमियत रखती है, क्योंकि इससे अतिरिक्त खर्च घटेगा और उन्हें बेहतर क्वालिटी के चैनल व सूचनाओं तक आसानी से पहुंच मिलेगी।
ऑरेंज इकोनॉमी और रोजगार पर सीधा असर
सरकार की यह तीनों योजनाएं मिलकर देश की ‘ऑरेंज इकोनॉमी’ यानी क्रिएटिव और डिजिटल सेक्टर को नई ताकत देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही हैं। एआई स्किलिंग से प्रशिक्षित युवा कंटेंट क्रिएशन, एडिटिंग, एनीमेशन, गेमिंग, डिजिटल मार्केटिंग और मीडिया प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में नई नौकरियां और उद्यमिता के अवसर पैदा कर सकते हैं। MyWAVES जैसी पहल उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देगी, जबकि बेहतर टीवी और ब्रॉडकास्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से कंटेंट की पहुंच और दर्शक दोनों बढ़ेंगे। कुल मिलाकर, यह पूरा पैकेज डिजिटल इंडिया के अगले चरण को गति देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।









