
प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-आशा योजना) के तहत, ज़िले में किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर फसल ख़रीद के लिए पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) शुरू हो गया है। किसान 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए किसानों को आवेदन पत्र के साथ अपनी ऋण पुस्तिका, बी1, पी2, आधार कार्ड और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी लगानी होगी, जिसे वे अपने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के ज़रिए सेवा सहकारी समितियों में जमा करवा सकते हैं।
दलहन और तिलहन फसलों की MSP दरें घोषित
शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 और रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद की समय-सीमा तय कर दी है। इन फसलों की खरीद केंद्रीय एजेंसी नेफेड (NAFED) द्वारा की जाएगी। भारत सरकार ने जो MSP दरें तय की हैं, उनके अनुसार अरहर ₹8000, मूंग ₹8768, उड़द ₹7800, मूंगफली ₹7263, और सोयाबीन ₹5328 प्रति क्विंटल निर्धारित है। वहीं, रबी की फसलों में चना ₹5875, मसूर ₹7000, और सरसों ₹6500 प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी जाएगी।
खरीफ फसलों की सरकारी खरीदी शुरू
जिले में सभी विकासखंडों की सेवा सहकारी समितियों और स्टेट वेयरहाउस को अनाज खरीदी केंद्र (उपार्जन केंद्र) बनाया गया है। इन केंद्रों पर खरीदी का काम सोमवार से शुक्रवार तक चलेगा। इस योजना के तहत, पंजीकृत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीफ फसलें खरीदी जाएंगी। खरीदी की दरें प्रति एकड़ इस प्रकार हैं: अरहर, मूंग और उड़द 3-3 क्विंटल, मूंगफली 7 क्विंटल और सोयाबीन 5 क्विंटल।









