
गर्मी के मौसम में मोमोज, बर्गर, चाऊमीन जैसे जंक और फास्ट फूड भले ही स्वाद में लाजवाब लगें, लेकिन यह स्वाद सेहत पर भारी पड़ सकता है। इन दिनों अगर आप भी दिन की शुरुआत या शाम की भूख को स्ट्रीट फूड से शांत करते हैं, तो आपको सावधान हो जाने की ज़रूरत है। गर्मी में फास्ट फूड का सेवन आपको सीधा अस्पताल पहुँचा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में स्ट्रीट फूड की हाइजीन से समझौता गंभीर हेल्थ प्रॉब्लम की वजह बन सकता है, जिसमें कई बार हॉस्पिटल में भर्ती होने की नौबत तक आ जाती है।
गर्मी में क्यों बढ़ जाता है खतरा?
गर्मी के चलते खाने में बैक्टीरिया बहुत तेजी से पनपते हैं। खासकर खुले में बिकने वाले या पहले से तैयार फूड आइटम्स जैसे मोमोज, चाऊमीन, बर्गर, समोसे, कटे फल, सलाद आदि जल्द ही दूषित हो सकते हैं। गर्म तापमान में फूड का खराब होना और उसमें बैक्टीरियल ग्रोथ होना स्वाभाविक है। ऐसे में अगर इनका सेवन किया जाए, तो यह शरीर में कई तरह की बीमारियों को जन्म दे सकता है। इस मौसम में जितना हो सके बाहर खाने से बचना चाहिए, और अगर खाएं भी तो ऐसे स्थान का चयन करें जहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया हो।
सेहत पर क्या असर पड़ता है?
गर्मी में अनहाईजीन या दूषित फास्ट फूड खाने से सबसे पहले पाचन तंत्र प्रभावित होता है। सामान्य लक्षणों में पेट दर्द, उल्टी, मरोड़ और दस्त हो सकते हैं। यदि समय पर इलाज न मिले, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। गर्मियों में वायरल संक्रमण जैसे वायरल हेपेटाइटिस A और E, टाइफाइड और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं आम हैं। कई बार सिर दर्द, बुखार, शरीर में जकड़न और जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण भी देखे जाते हैं।
खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
गर्मी के मौसम में सेहत को सुरक्षित रखने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनानी चाहिए। सबसे पहले, खुले में बिकने वाले डेयरी प्रोडक्ट जैसे दूध, दही, लस्सी आदि से परहेज करें क्योंकि गर्मी में इनमें हानिकारक बैक्टीरिया आसानी से पनपते हैं। स्ट्रीट फूड खरीदते समय यह जरूर जांचें कि फूड वेंडर सफाई का ध्यान रख रहा है या नहीं। मक्खियों और गंदगी के बीच पक रहा खाना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।
कच्चे मांस, मछली या अंडे को छूने के बाद हाथों को अच्छे से धोना अनिवार्य है। इसके अलावा, घर से पानी की बोतल लेकर निकलें और बाहर खुले में रखा हुआ पानी बिल्कुल न पिएं। खुले में कटे हुए फल और सलाद से दूरी बनाएं क्योंकि इनमें कीटाणु होने की संभावना अधिक होती है। खाना चाहे वेज हो या नॉनवेज, यह सुनिश्चित करें कि वह पूरी तरह पका हुआ हो। अधपका खाना आपकी सेहत के लिए खतरा बन सकता है।