पूरा उत्तर भारत दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश इस समय भीषण हीटवेव की चपेट में है. देश के कई हिस्सों में पारा 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि ऐसी हीटवेव तीन दिनों तक बनी रह सकती है. वहीं, दूसरी ओर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश लोगों को राहत दे रही है.

राजधानी दिल्ली में तपा सूरज, कई इलाकों में 45 डिग्री से ज्यादा तापमान
सोमवार को दिल्ली के आयानगर में तापमान 45.3°C दर्ज किया गया, वहीं रिज में 44.9°C, पालम में 44.3°C और सफदरजंग वेधशाला में 43.3°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार के लिए भी लू और गर्म हवाओं की चेतावनी जारी की है.
पंजाब-हरियाणा में पारा 46 पार
हरियाणा के सिरसा में सोमवार को तापमान 46.4°C पहुंच गया, जबकि रोहतक और हिसार में भी 45 डिग्री से ऊपर तापमान दर्ज किया गया। पंजाब के समराला (लुधियाना) में 46.1°C तापमान के साथ यह राज्य का सबसे गर्म स्थान बना।
राजस्थान में श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा गर्मी
राजस्थान के श्रीगंगानगर में सोमवार को तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में यहां लू की स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई है।
IMD का पूर्वानुमान राहत की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों जैसे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लू का असर रहेगा। रातें भी गर्म रहेंगी, जिससे गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
इधर, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश
जहां उत्तर भारत झुलस रहा है, वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, केरल, ओडिशा और तमिलनाडु में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। इस बारिश से इन इलाकों में तापमान सामान्य बना हुआ है।
जहां एक ओर उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू से जूझ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मानसून ने राहत दी है। IMD के अनुसार, 15 जून के बाद ही उत्तर भारत में कुछ हिस्सों में प्री-मानसून एक्टिविटी शुरू हो सकती है।