देश के कई हिस्से इस समय भयंकर गर्मी की चपेट में हैं। उत्तर और पूर्वी भारत में तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है और लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। राजधानी दिल्ली ने इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया, वहीं राजस्थान में लू ने हालात और खराब कर दिए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

दिल्ली में अब तक का सबसे गर्म दिन, हल्की राहत की उम्मीद
मंगलवार को दिल्ली का तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 3.6 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग ने 12 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में दिन का तापमान 45 डिग्री और रात का तापमान 29 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 12 जून के बाद दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते थोड़ी ठंडक महसूस हो सकती है।
राजस्थान में हालात और गंभीर, रेड अलर्ट जारी
राजस्थान के गंगानगर और आसपास के इलाकों में लगातार दूसरे दिन तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। यहां 11 और 12 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 13 जून को पश्चिमी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट और पूर्वी राजस्थान में येलो अलर्ट लागू रहेगा। मौसम विभाग ने 15-16 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे राहत मिल सकती है। वहीं 18 से 20 जून के बीच तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
पंजाब में गर्मी से मिलेगी राहत, कल से कई हिस्सों में होगी बारिश, IMD का अलर्ट जारी
लुधियाना में भी गर्मी का प्रकोप, येलो अलर्ट जारी
लुधियाना में भीषण गर्मी के चलते मंगलवार से गुरुवार तक येलो अलर्ट लागू किया गया है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 जून तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहेगा। हालांकि, कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है, जिससे तापमान थोड़ा नीचे आ सकता है।
हिमाचल में भी चढ़ा पारा, पहाड़ों में भी गर्मी का असर
हिमाचल प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में गर्मी महसूस की जा रही है। ऊना में मंगलवार को 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा था। मनाली और शिमला जैसे हिल स्टेशनों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 13 और 14 जून को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
बस कुछ घंटे और … फिर शुरू होगी राहत की बारिश, यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज
गर्मी से राहत कब?
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अभी मानसून नहीं पहुंचा है और हाल की पश्चिमी विक्षोभ कमजोर हो चुके हैं। इसके चलते हवा में नमी बनी हुई है, जो गर्मी को और बढ़ा रही है। अगले कुछ दिनों तक गर्मी और बढ़ने की संभावना है, लेकिन 12 जून के बाद कुछ इलाकों में बारिश की हल्की फुहारें लोगों को राहत दे सकती हैं।