जून की तपती दोपहरें और लू की लपटें झेल रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए जल्द राहत की खबर आ सकती है। मौसम विभाग (IMD) के ताज़ा अपडेट के मुताबिक, अगले दो दिन तक गर्मी और उमस का दौर जारी रहेगा, लेकिन 12 जून से बदलने वाला है मौसम का मिजाज। तेज हवाओं और आंधी के साथ बारिश की एंट्री होगी, जो तापमान में गिरावट लाकर राहत देगी।

10 जून को किस शहर में कितनी रहेगी गर्मी ये रही पूरी लिस्ट, देखें
शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
दिल्ली | 28° C | 44° C |
नोएडा | 28 ° C | 40° C |
गाजियाबाद | 28 ° C | 40° C |
मुंबई | 27 ° C | 33° C |
भोपाल | 29 ° C | 42° C |
लखनऊ | 30 ° C | 42° C |
पटना | 29 ° C | 39° C |
जयपुर | 31 ° C | 44° C |
शिमला | 14 ° C | 29° C |
देहरादून | 24 ° C | 38° C |
बेंगलुरु | 20 ° C | 32° C |
चेन्नई | 27 ° C | 36° C |
कश्मीर | 17 ° C | 33° C |
दिल्ली-NCR में 45 डिग्री का कहर
राजधानी दिल्ली समेत नोएडा और गाजियाबाद में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। सोमवार को पारा 44°C तक चढ़ा और 10 जून को भी तापमान 45°C तक पहुंचने का अनुमान है। लू के चलते घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 13 जून से यहां भी मौसम राहत देने लगेगा।
यूपी में अलर्ट पर अलर्ट, अब इंतजार है तेज हवाओं और बारिश का
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी हो चुके हैं। सहारनपुर से लेकर प्रयागराज और झांसी से आगरा तक, गरमी के साथ लू के थपेड़े परेशान कर रहे हैं। लेकिन अच्छी खबर यह है कि 12 जून से मौसम करवट लेगा। आंधी, तूफान और हल्की बारिश की शुरुआत से राहत मिलेगी।
राजस्थान धरती का तंदूर बना रेगिस्तान, पर अब बदलेगा मूड
श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर और कई जिलों में हीटवेव के साथ रेड अलर्ट तक जारी है। तापमान 45 डिग्री पार कर चुका है, लेकिन मौसम विभाग कह रहा है कि 13 जून के बाद यहां भी मानसूनी बादल दस्तक दे सकते हैं। तब तक सावधानी बरतना जरूरी है।
बिहार में अब भी तपन, लेकिन राहत करीब है
पटना और आसपास के इलाकों में धूप इतनी तेज है कि लोग दिन में बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 11 जून के बाद से बारिश की शुरुआत होने की संभावना है, जो गर्मी की मार को कुछ हद तक थामेगी।
दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश जारी, अब उत्तर की बारी
केरल, कर्नाटक और असम जैसे राज्यों में मानसून सक्रिय हो चुका है और लगातार बारिश हो रही है। अब यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है, जिससे अगले हफ्ते में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है
नजर रखें IMD के अलर्ट पर
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सभी राज्यों के लिए अपडेटेड अलर्ट जारी किए हैं। अगले कुछ दिन सावधानी से गुजरें—ज्यादा धूप में बाहर न जाएं, हाइड्रेटेड रहें और मौसम अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।