भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और सीमा पार से हो रहे ड्रोन व मिसाइल हमलों के चलते देश के कई राज्यों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर सीमावर्ती क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हैं और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।

कहां-क्या बंद और अलर्ट में है
1. पंजाब: सीमावर्ती जिलों में सख्त सुरक्षा
पंजाब सरकार ने पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का, अमृतसर, गुरदासपुर और तरनतारन जैसे बॉर्डर जिलों में तीन दिनों के लिए सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद करने के आदेश दिए हैं। इन इलाकों में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।

2. दिल्ली: सुरक्षा अभ्यास तेज, एयरपोर्ट सामान्य
राजधानी में सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें जारी हैं लेकिन अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। विभिन्न इलाकों में सुरक्षा अभ्यास चल रहा है।
3. राजस्थान: पश्चिमी जिलों में बंद हैं स्कूल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिमी राजस्थान के पांच सीमावर्ती जिलों में स्कूल बंद करने और सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने के निर्देश दिए हैं।
4. हरियाणा: पंचकूला में स्कूल बंद
पंचकूला जिले में सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को बंद किया गया है और स्वास्थ्य व पुलिस विभाग के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। और तुरंत अपने कार्यालयों को जॉइन करने के आदेश दिए गए हैं।
5. जम्मू-कश्मीर: दो दिन बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
राज्य की शिक्षा मंत्री सकीना इतू के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद रहेंगे। साथ ही सरकारी कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिये गए हैं।
24 एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद
भारतीय एविएशन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देशभर के 24 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि दिल्ली एयरपोर्ट पर सामान्य संचालन जारी है, लेकिन कुछ उड़ानें सुरक्षा कारणों से प्रभावित हो रही हैं।
LOC पर भारत की सख्त प्रतिक्रिया
शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से LOC पर संघर्षविराम उल्लंघन के बाद भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत जवाबी कार्रवाई की है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जवाब उसी तीव्रता और स्तर पर दिया गया जैसा कि पाकिस्तान की ओर से हमला हुआ था। देशभर की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है